अहमदाबाद में लगातार हो रही भारी वर्षा के बीच रेलवे ट्रैक पर जलभराव की स्थिति बनने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने प्रभावित रेलखंड पर जल निकासी, ट्रैक निगरानी और पुनर्स्थापन कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित किया।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने असारवा स्थित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के समीप जलभराव से प्रभावित रेलखंड का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में चल रहे राहत एवं जल निकासी कार्यों का जायजा लिया और उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल निकासी कार्य में तेजी लाने, ट्रैक एवं रेल अवसंरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए रेल परिचालन जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों की लगातार निगरानी की। उनके मार्गदर्शन में इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक कार्य निर्धारित समय में पूरे किए।

समुचित जल निकासी और ट्रैक सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक परीक्षणों के बाद रेलवे के निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रभावित रेलखंड पर रेल परिचालन पुनः शुरू कर दिया गया।

पश्चिम रेलवे प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में भी यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए 24×7 सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। अहमदाबाद मंडल सभी संबंधित विभागों के समन्वय से रेल सेवाओं को सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story