पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री वेद प्रकाश ने 17.07.2026 को देव धोलेरा (अहमदाबाद) स्थित iCreate (International Centre for Entrepreneurship and Technology) का दौरा कर स्टार्टअप्स, नवाचारकर्ताओं और विद्यार्थियों से भारतीय रेल की जरूरतों के अनुरूप तकनीक आधारित समाधान विकसित करने का आह्वान किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Sr. DSC) श्री अंशुमान राम त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) श्री अन्नू त्यागी तथा मंडल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने iCreate की नवाचार-आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल, इनक्यूबेशन इकोसिस्टम, प्रोटोटाइप विकास सुविधाओं तथा विभिन्न डीप-टेक स्टार्टअप्स द्वारा विकसित अत्याधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया। इस अवसर पर भारतीय रेल में तकनीकी नवाचारों के उपयोग तथा संभावित सहयोग के विभिन्न आयामों को लेकर स्टार्टअप्स के साथ विस्तृत चर्चा भी की गई।

स्टार्टअप्स, नवाचारकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने कहा कि भारतीय रेल विश्व के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक है, जहां परिचालन, सुरक्षा, रखरखाव, स्वच्छता तथा यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में तकनीकी नवाचार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने युवाओं से रेलवे की वास्तविक आवश्यकताओं को समझते हुए व्यवहारिक, किफायती एवं तकनीक-आधारित समाधान विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने माल वैगनों के लिए स्वचालित (Automatic) लोडिंग एवं अनलोडिंग प्रणाली, रेलवे परिसरों एवं कोचों के लिए उन्नत अग्नि सुरक्षा समाधान तथा फायर सेफ्टी बॉल, ट्रैक, पुलों, ओएचई एवं अन्य रेल परिसंपत्तियों के निरीक्षण के लिए ड्रोन आधारित तकनीक, एआई आधारित सुरक्षा एवं प्रिडिक्टिव मेंटेनेंस समाधान, स्टेशनों, यार्डों एवं रेलवे परिसरों की सफाई के लिए आधुनिक इलेक्ट्रिक क्लीनिंग मशीनें, रेलवे में उपयोग होने वाले उपकरणों एवं इलेक्ट्रिक मशीनों के लिए वायरलेस चार्जिंग प्रणाली तथा परिचालन दक्षता, ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के स्मार्ट प्रबंधन से जुड़े अन्य नवाचार विकसित करने का सुझाव दिया।

डीआरएम श्री वेद प्रकाश ने कहा कि रेलवे और स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच मजबूत सहयोग से ऐसे स्वदेशी समाधान विकसित किए जा सकते हैं, जो भारतीय रेल की परिचालन दक्षता, सुरक्षा, स्वच्छता, ऊर्जा दक्षता तथा यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नवाचार ही भविष्य की रेल व्यवस्था का आधार है और युवाओं के नए विचार भारत की रेल प्रणाली को अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

दौरे के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने iCreate परिसर का भ्रमण कर इनक्यूबेशन सेंटर, प्रोटोटाइपिंग प्रयोगशालाओं तथा स्टार्टअप सहायता अवसंरचना का अवलोकन किया। इस दौरान भारतीय रेल और स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच भविष्य में अनुसंधान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story