पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7वीं डीआरएम चैंपियनशिप वर्ष 2026-27 का शुभारंभ 24 नवंबर 2026 को साबरमती स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में हुआ। अहमदाबाद मंडल स्पोर्ट्स एसोसिएशन (ADSA) की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने ट्रॉफी का अनावरण कर की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को खेल भावना और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई।

वर्ष 2026-27 की इस चैंपियनशिप में कुल 11 खेलों के अंतर्गत 38 इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें अहमदाबाद मंडल के 16 विभागों के लगभग 1100 से 1200 रेल कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। कर्मचारियों की व्यापक भागीदारी के चलते यह पश्चिम रेलवे की प्रमुख एवं सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में शामिल है।

प्रतियोगिता में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम, शतरंज और एथलेटिक्स सहित विभिन्न लोकप्रिय खेलों को शामिल किया गया है। चैंपियनशिप में कुल 16 टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। इनमें अहमदाबाद मंडल के विभिन्न विभागों के अलावा कारखाने, साबरमती स्टोर तथा गांधीधाम एरिया मैनेजर की टीम भी शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

डीआरएम चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों के बीच खेल भावना विकसित करना, टीमवर्क एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देना और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्टता हासिल करने का अवसर मिल रहा है।

Updated On
Next Story