अहमदाबाद मंडल द्वारा राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 25 और 26 सितंबर 2026 को खेल गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता और कार्यक्रमों के बाद परिसर की सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं, 28 और 29 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता से समृद्धि’ के तहत रेलवे स्क्रैप के पुनःउपयोग, प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण और अधिकृत पुनर्चक्रणकर्ताओं के साथ प्रभावी कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं।

25 और 26 सितंबर 2026 को ‘Sports for Swachhta & Post-Event Cleanliness’ के तहत रेलवे खेल परिसरों और खेल मैदानों में आयोजित खेल गतिविधियों को शून्य-कचरा बनाने की दिशा में विशेष ध्यान दिया गया। खेल आयोजनों के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे को न्यूनतम रखने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्थल पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ रखने के लिए विभिन्न गतिविधियां की गईं। इसके माध्यम से खेल गतिविधियों को स्वच्छता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़ते हुए प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत गणेश विसर्जन जैसे उत्सवों के बाद रेलवे भूमि पर स्थित जलाशयों और उनके आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जलाशयों के आसपास एकत्रित कचरे को हटाने और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के साथ फूलों तथा अन्य जैविक कचरे की खाद बनाने को प्रोत्साहित किया गया। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के बाद उत्पन्न होने वाले जैविक कचरे का पर्यावरण के अनुकूल प्रबंधन करना है।

28 और 29 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता से समृद्धि’ अभियान के तहत ‘कबाड़ से जुगाड़/कबाड़ से कला’ की अवधारणा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत रेलवे की अनुपयोगी और स्क्रैप सामग्री, जैसे पुराने सिग्नलिंग उपकरण, कोच के पुर्जे और अन्य धातु स्क्रैप को रचनात्मक तरीके से उपयोगी वस्तुओं तथा कलात्मक कृतियों में बदलने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन उपयोगी वस्तुओं और कला स्थापनाओं को रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यशालाओं में प्रदर्शित करने का उद्देश्य कचरे के पुनःउपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता को रचनात्मकता से जोड़ना है।

इसके अलावा, प्लास्टिक पुनर्चक्रण पहल के तहत रेलवे स्टेशनों और कैंटीन जैसे अधिक मात्रा में प्लास्टिक कचरा उत्पन्न करने वाले स्थानों को अधिकृत प्लास्टिक पुनर्चक्रणकर्ताओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से स्टेशन परिसरों और रेलवे कॉलोनियों से एकत्रित होने वाले प्लास्टिक कचरे के उचित संग्रह, पृथक्करण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के तहत स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों से एकत्रित किए जाने वाले प्लास्टिक कचरे को अधिकृत पुनर्चक्रणकर्ताओं तक पहुंचाने के लिए अग्रेषण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक और पर्यावरण के अनुकूल निपटान को सुनिश्चित करने के साथ कचरे को संसाधन के रूप में दोबारा उपयोग में लेने की व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

अहमदाबाद मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत आयोजित ये गतिविधियां स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरे के पुनर्चक्रण, पुनःउपयोग और जनभागीदारी का संदेश आगे बढ़ा रही हैं। खेल गतिविधियों को शून्य-कचरा बनाने से लेकर रेलवे स्क्रैप के रचनात्मक उपयोग और प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण तक, मंडल की गतिविधियां स्वच्छ, हरित और टिकाऊ रेलवे परिसर के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story