महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में साबरमती से वटवा तक लगभग 15 किलोमीटर रेल ट्रैक और स्टेशन परिसरों में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

साबरमती रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता प्रहरियों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने स्वच्छ रेल परिसर, स्वच्छ ट्रैक और स्वच्छ रेलवे के संकल्प को साकार करने के लिए स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।



इसके बाद वेद प्रकाश के नेतृत्व में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने साबरमती से वटवा तक लगभग 15 किलोमीटर रेल ट्रैक एवं स्टेशन परिसरों में श्रमदान किया। अभियान के दौरान ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों, स्टेशन परिसरों और अन्य रेलवे क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छता का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत मंडल के सभी स्टेशन मास्टर एवं सुपरवाइजर, क्लीनिंग स्टाफ और अन्य रेल कर्मचारियों ने अपने होम स्टेशन से अगले स्टेशन तक ट्रैक एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई में सक्रिय सहभागिता की। विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों और ट्रैक के किनारे के क्षेत्रों में एक साथ श्रमदान एवं विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अहमदाबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। अहमदाबाद, साबरमती, वीरमगाम, मालिया मियाणा, राधनपुर, ध्रांगध्रा, महेसाणा, पालनपुर, भुज, गांधीधाम, असारवा और हिम्मतनगर सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों, हेल्थ यूनिट तथा ट्रैकसाइड क्षेत्रों में रेल कर्मचारियों और अन्य सहभागी समूहों ने विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया।

स्वच्छता अभियान में रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों, रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाइड, स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य सहभागी समूहों ने भाग लिया। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया गया। रेलवे परिचालन को प्रभावित किए बिना और रनिंग लाइनों के निकट निर्धारित सुरक्षा सावधानियों का पालन करते हुए सभी स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक अहमदाबाद मंडल में विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आगामी कार्यक्रमों के तहत 3 से 5 अक्टूबर तक प्रमुख स्थानों पर गहन सफाई अभियान चलाया जाएगा। 6 से 8 अक्टूबर तक ट्रैकसाइड एवं लीगेसी वेस्ट की सफाई होगी। 9 से 10 अक्टूबर तक अनावश्यक पोस्टर, बैनर एवं गुटखा दाग हटाने का अभियान चलेगा। वहीं 11 से 15 अक्टूबर तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन एवं जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अहमदाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के माध्यम से रेलवे परिसरों, ट्रैक, स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को और सुदृढ़ करने के साथ यात्रियों, रेल कर्मचारियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ के जरिए स्वच्छ रेल, स्वच्छ ट्रैक और स्वच्छ रेलवे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छता को जनभागीदारी का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में अभियान को आगे बढ़ाया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story