पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने अगस्त 2026 में वाणिज्यिक गतिविधियों, माल ढुलाई, पार्सल, टिकट जांच और गैर-किराया राजस्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज करते हुए कुल ₹804.58 करोड़ की आय अर्जित की। अगस्त 2025 में मंडल की कुल आय ₹778.20 करोड़ थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में अगस्त 2026 में ₹26.38 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई। मंडल ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर राजस्व अर्जित करने के साथ नए व्यवसायिक अवसर भी विकसित किए।

अगस्त 2026 में अहमदाबाद मंडल ने 4.4651 मिलियन टन माल लदान किया, जो निर्धारित लक्ष्य से 7 प्रतिशत अधिक रहा। माल आय से ₹631.31 करोड़ प्राप्त हुए, जो अगस्त 2025 की तुलना में 6.13 प्रतिशत अधिक है। पार्सल आय ₹7.17 करोड़ रही, जो मासिक लक्ष्य ₹6.58 करोड़ से 9 प्रतिशत अधिक और पिछले वर्ष की ₹6.29 करोड़ की आय से 14 प्रतिशत अधिक है। टिकट जांच से अगस्त 2026 में ₹2.48 करोड़ की आय हुई, जो निर्धारित लक्ष्य से 0.81 प्रतिशत तथा पिछले वर्ष की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक है।

अगस्त 2026 में औसतन 218.84 ट्रेन प्रतिदिन इंटरचेंज हुईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है। डीएफसी बिंदुओं पर औसत इंटरचेंज 11.8 प्रतिशत बढ़कर 100.81 ट्रेन प्रतिदिन रहा। परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए सामाखियाली-वोंध-भचाऊ, सानंद-छारोडी-जखवाड़ा तथा आंबलियासन-जगुदन-महेसाणा-भांडु मोटीदाऊ रेलखंडों में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का कमीशनिंग किया गया। अगस्त में 365 लॉन्ग हॉल ट्रेनें चलाई गईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। यात्री सुविधाओं के तहत विभिन्न ट्रेनों में 464 अतिरिक्त कोच लगाए गए तथा 19423/19424 अहमदाबाद-भागलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का परिचालन शुरू किया गया।



फ्रेट क्षेत्र में भी कई टर्मिनलों ने अगस्त 2026 में अब तक की सर्वश्रेष्ठ मासिक आय दर्ज की। आर्या फ्रेट टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड, भीमासर (AFGB) ने ₹9.85 करोड़ की रिकॉर्ड मासिक फ्रेट आय अर्जित की, जबकि इससे पहले मार्च 2026 में ₹9.48 करोड़ की सर्वश्रेष्ठ आय दर्ज हुई थी। दीन दयाल पोर्ट ट्रस्ट टर्मिनल (DDPS) ने ₹6.30 करोड़ और नवकार कॉरपोरेशन–वाधरवा (NCLW) ने ₹18.47 करोड़ की अब तक की सर्वश्रेष्ठ मासिक फ्रेट आय दर्ज की।

अहमदाबाद मंडल ने विभिन्न रेलवे मंडलों के साथ मिलकर नए गंतव्यों के लिए माल परिवहन को बढ़ावा दिया। दक्षिण पश्चिम रेलवे के डोडबल्लापुर के लिए ऑटोमोबाइल की 7 रेक से ₹2.29 करोड़ तथा दक्षिण रेलवे के अरक्कोनम के लिए कंटेनर की 4 रेक से ₹2.07 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ। नए ग्राहकों में ITC Limited, Central Warehousing Corporation, Birla Corporation Limited तथा Shivshakti Sea Link Pvt. Ltd. शामिल हैं। शिवशक्ति सी लिंक द्वारा आयातित स्टीम कोल की 3 रेक से ₹1.15 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।

अगस्त में लाइमस्टोन की 5 रेक का परिवहन किया गया, जिससे ₹1.91 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व मिला। इसके अलावा शिवलखा में M/s KMT Engineering Private Limited का GCT 6 अगस्त 2026 को कमीशन किया गया। सांतलपुर में 20 अगस्त 2026 को अतिरिक्त नया वेब्रिज भी कमीशन किया गया।

कैटरिंग और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मंडल की सभी 14 बेस किचन और 1 रिफ्रेशमेंट रूम का अगस्त माह में औचक निरीक्षण किया गया। गंभीर अनियमितताओं के लिए कुल ₹34.50 लाख का जुर्माना लगाया गया, जबकि विभिन्न अनियमितताओं के कारण 26 कैटरिंग यूनिट्स बंद की गईं।

पार्सल सेवाओं में भी मंडल ने महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की। 19 और 20 अगस्त 2026 को आयोजित ई-ऑक्शन में 3 पार्सल परिसंपत्तियों को लीज पर दिया गया, जिनसे तीन वर्षों में कुल ₹2.26 करोड़ का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। अहमदाबाद मंडल ने 30 अगस्त 2026 को 50वीं JPP-RCS पार्सल सेवा सफलतापूर्वक संचालित की। कुल 50 ट्रिप से वित्त वर्ष 2025-26 में ₹3.85 करोड़ तथा चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 30 अगस्त तक ₹2.45 करोड़ की पार्सल आय अर्जित हुई है।

टिकट जांच के तहत अगस्त में विभिन्न फोर्ट्रेस, एम्बुश एवं स्पेशल फोर्ट्रेस चेक किए गए। स्पेशल फोर्ट्रेस चेक के दौरान 1,678 अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए और ₹15.74 लाख का जुर्माना वसूला गया। स्टेशनों को स्वच्छ एवं धूम्रपान-मुक्त बनाए रखने के लिए चलाए गए अभियानों में लगभग 988 गंदगी और थूकने आदि के मामले पकड़े गए, जिनसे ₹2.47 लाख का जुर्माना वसूला गया। धूम्रपान के 9 मामलों में ₹0.18 लाख का जुर्माना लगाया गया। अगस्त 2026 के ये आंकड़े अहमदाबाद मंडल की माल ढुलाई, परिचालन, पार्सल, टिकट जांच और अन्य वाणिज्यिक गतिविधियों में दर्ज व्यापक राजस्व प्रदर्शन को दर्शाते हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story