अहमदाबाद मंडल में रेलवे फूड विजिलेंस का छापा, खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पर 40 लाख का जुर्माना
अहमदाबाद मंडल में RFVF की औचक जांच में बेस किचन और कैटरिंग इकाइयों की गंभीर खामियां सामने आईं। खाद्य सुरक्षा व स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर करीब 40 लाख रुपये का जुर्माना और एक यूनिट बंद की गई।

तस्वीर में अहमदाबाद मंडल के एक बेस किचन के निरीक्षण के दौरान स्टॉक में रखे खाद्य सामग्री के बक्से और जांच करती हुई टीम दिखाई दे रही है।
अहमदाबाद मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए रेलवे की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश द्वारा गठित विशेष रेलवे फूड विजिलेंस फोर्स (RFVF) की टीम ने खाद्य आपूर्ति से जुड़े 15 स्थानों पर बेस किचन और कैटरिंग संस्थानों का एक साथ औचक और गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा, सफाई, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए दोषी सेवा प्रदाताओं पर करीब 40 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक यूनिट को मौके पर ही बंद भी करा दिया गया।
डब्बा बाजार, सरसपुर, अहमदाबाद स्थित बेस किचन में खुले और बिना सील वाले मसाले, खराब सब्जियां, खराब फ्रीजर, FIFO प्रणाली का पालन नहीं करना, बेहद अस्वच्छ किचन, उचित यूनिफॉर्म और सुरक्षा उपकरणों का अभाव, खाद्य सामग्री खुले में रखना तथा आवश्यक रिकॉर्ड का रखरखाव नहीं करना जैसी खामियां मिलीं। इसके चलते 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और यूनिट को मौके पर ही बंद कर दिया गया।
धर्म नगर, साबरमती, अहमदाबाद स्थित बेस किचन में खराब फ्लाईकैचर, सड़े हुए आलू, वॉशिंग लिक्विड की कमी और क्षतिग्रस्त नाली की जाली जैसी अनियमितताएं मिलीं। इस पर 5 लाख रुपये का जुर्माना किया गया।
सरसपुर, अहमदाबाद के एक अन्य बेस किचन के निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित बेस किचन का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था और किसी अन्य स्थान से भोजन की आपूर्ति की जा रही थी। इस मामले में भी 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गुजरात यूनिवर्सिटी के पास विष्णु एस्टेट, अहमदाबाद स्थित बेस किचन में सड़े हुए आलू, FIFO प्रणाली का पालन नहीं करना, बेस किचन में मक्खियों की मौजूदगी, असंतोषजनक स्वच्छता, उचित एग्जॉस्ट डक्ट का अभाव, कच्ची-पक्की रोटियां, खुले और बिना सील वाले मसाले तथा खाना पकाने के तापमान का रिकॉर्ड नहीं रखने जैसी खामियां सामने आईं। इसके लिए 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वोरा ना रोजा, सरसपुर, अहमदाबाद के बेस किचन में स्वीकृत वेंडर सूची और FIFO प्रणाली का अभाव, उचित वेंटिलेशन की कमी, असंतोषजनक स्वच्छता तथा एक्सपायरी डेट पार कर चुकी कई खाद्य सामग्री स्टॉक में रखी मिलीं। इन खामियों के चलते 10 लाख रुपये का जुर्माना किया गया।
सपना नगर कॉलोनी, गांधीधाम और रामबाग रोड, आदिपुर, गांधीधाम स्थित बेस किचन बंद मिले। दोनों स्थानों पर अलग-अलग 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मालगोदाम रोड, मेहसाणा स्थित बेस किचन के निरीक्षण में गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा निर्धारित बेस किचन के बजाय किसी अन्य स्थान से तैयार भोजन लिया जा रहा था। इस पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पालनपुर के बेस किचन में सफाई और स्वच्छता का अभाव, कच्चे और पके भोजन को अलग नहीं रखना, दूषित सब्जियां, फूड हैंडलर्स द्वारा उचित एप्रन और हेड कवर का इस्तेमाल नहीं करना, हाथ धोने की अपर्याप्त व्यवस्था, खुले क्षेत्र में लकड़ी के ईंधन से खाना पकाना, ढक्कन वाली उचित कूड़ेदान की कमी तथा आवश्यक खरीद, FIFO/FEFO, तापमान और पेस्ट-कंट्रोल रिकॉर्ड का रखरखाव नहीं करना जैसी कमियां मिलीं। इस पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
विरमगाम स्थित रिफ्रेशमेंट रूम के निरीक्षण में प्लेटफॉर्म क्षेत्र में अतिक्रमण, किचन में खराब स्वच्छता, कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी, गंदे कपड़े से ढके कच्चे वड़े, अनधिकृत PDW और अनधिकृत वेंडर की मौजूदगी तथा कर्मचारियों द्वारा यूनिफॉर्म नहीं पहनने जैसी खामियां सामने आईं। इस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। बाकी सभी स्थानों पर बेस किचन और खाना पकाने की व्यवस्था अच्छी पाई गई।
अहमदाबाद मंडल की ओर से सभी बेस किचन और खाद्य सेवा प्रदाताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से भोजन तैयार करने, उचित भंडारण, नियमित सफाई, कचरे के निस्तारण, नाली और पेस्ट-कंट्रोल तथा सभी आवश्यक रिकॉर्ड नियमित रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भारतीय रेलवे की यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आगे भी औचक निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
