अहमदाबाद मंडल में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर शुरू, रेल संचालन और यात्री सेवाओं को मिलेगा नया आयाम
अहमदाबाद मंडल में स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर शुरू हुआ। जानिए कैसे यह केंद्र रेल संचालन, सुरक्षा, निगरानी और यात्री सेवाओं को नई गति देगा।

तस्वीर में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में लाल रिबन काटकर नए केंद्र का उद्घाटन करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेल परिचालन को अत्याधुनिक तकनीक से सुदृढ़ बनाने की दिशा में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अहमदाबाद मंडल में नवनिर्मित स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने किया। उद्घाटन के साथ ही यह अत्याधुनिक नियंत्रण केंद्र पूर्ण रूप से कार्यशील हो गया है और अब उत्तर गुजरात क्षेत्र में रेल संचालन के केंद्रीय तंत्र (Nerve Centre) के रूप में कार्य करेगा।
करीब 24,500 वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित इस आधुनिक परिसर में रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न विभागों की नियंत्रण गतिविधियों को एक ही छत के नीचे एकीकृत किया गया है। इसके माध्यम से परिचालन दक्षता, समयपालन और यात्री सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
उद्घाटन के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने कहा कि अहमदाबाद मंडल लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर भारतीय रेल के डिजिटल परिवर्तन को गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी, उत्तरदायी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस केंद्र के माध्यम से ट्रेनों के परिचालन की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के साथ स्टेशनों और रेल परिसरों में भीड़ प्रबंधन (Crowd Management), स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा एवं संरक्षा संबंधी गतिविधियों तथा किसी भी अप्रिय घटना (Untoward Incidents) पर चौबीसों घंटे प्रभावी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान से आपातकालीन परिस्थितियों में शीघ्र निर्णय और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर को नवीनतम डिजिटल तकनीकों से सुसज्जित किया गया है। लगभग 1,350 रूट किलोमीटर रेल नेटवर्क की रियल-टाइम हाई-रिज़ॉल्यूशन मॉनिटरिंग के लिए यहां विशाल वीडियो डिस्प्ले यूनिट (VDU) वॉल स्थापित की गई है, जिससे किसी भी परिचालन स्थिति पर त्वरित निगरानी और निर्णय संभव हो सकेगा।
इस परिसर में फ्रेट एवं कोचिंग कंट्रोल, सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T), इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन और क्रू प्रबंधन सहित विभिन्न परिचालन इकाइयों को एकीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ तथा कैरिज एवं वैगन (C&W) से संबंधित गतिविधियों का संचालन भी इसी परिसर से किया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस केंद्र को रेल मदद (Rail Madad) शिकायत निवारण प्रणाली और नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) के साथ भी एकीकृत किया गया है। इससे यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित अद्यतन और सटीक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इस एकीकृत नियंत्रण केंद्र के माध्यम से प्रतिदिन संचालित होने वाली 130 से अधिक कोचिंग ट्रेनों तथा 160 से अधिक मालगाड़ियों के संचालन की सतत और समन्वित निगरानी की जाएगी। इससे समयपालन में अधिक सटीकता आएगी और परिचालन संबंधी निर्णयों को त्वरित रूप से लागू किया जा सकेगा। साथ ही लोको इंटरचेंज, जल आपूर्ति, पार्सल प्रबंधन, क्रू तैनाती और अन्य परिचालन प्रक्रियाओं में समन्वय तथा दक्षता भी बढ़ेगी। रियल-टाइम डेटा आधारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से रेल सेवाएं अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और विश्वसनीय बनेंगी।
यह इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर केवल एक नियंत्रण भवन नहीं, बल्कि आधुनिक रेल प्रबंधन और तकनीकी समेकन का उत्कृष्ट उदाहरण है। 24×7 संचालित रहने वाले इस परिसर में कर्मचारियों के लिए अत्याधुनिक कार्यस्थल के साथ विश्राम कक्ष, मिनी बोर्ड रूम और समर्पित पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे कार्य निष्पादन अधिक सुचारु, सुविधाजनक और प्रभावी हो सके।
बढ़ते रेल परिचालन और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित यह इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर अहमदाबाद मंडल की परिचालन क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा पश्चिम रेलवे के डिजिटल और तकनीकी आधुनिकीकरण अभियान को और अधिक सशक्त बनाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
