अहमदाबाद मंडल ने बनाया नया ऑल-टाइम लोडिंग रिकॉर्ड, एक दिन में 85 रेक लोड
अहमदाबाद मंडल ने 05 सितंबर को 85 रेक और 3,580 वैगन लोड कर नया रिकॉर्ड बनाया। माल ढुलाई की कई श्रेणियों में भी नए उच्चतम आंकड़े दर्ज हुए।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में नया ऑल-टाइम रिकॉर्ड कायम करते हुए 05 सितंबर 2026 को एक ही दिन में 85 रेक यानी 3,580 वैगन लोड किए। यह अहमदाबाद मंडल के परिचालन इतिहास में एक दिन में किया गया अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले एक दिन में सर्वाधिक लदान का रिकॉर्ड 80 रेक यानी 3,525 वैगन का था। नए रिकॉर्ड के साथ मंडल ने अपने पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है।
मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने बताया कि 05 सितंबर को केवल कुल लदान में ही नहीं, बल्कि माल ढुलाई की विभिन्न श्रेणियों में भी नए उच्चतम रिकॉर्ड दर्ज किए गए। इस दिन कुल 42 कंटेनर रेक लोड किए गए, जिनमें 21 डबल-स्टैक कंटेनर रेक शामिल थे। यह उपलब्ध माल ढुलाई क्षमता के अधिकतम और कुशल उपयोग को दर्शाता है।
इसी दिन कुल 6 ऑटो रेक लोड किए गए, जो ऑटोमोबाइल परिवहन के क्षेत्र में मंडल की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। इसके अलावा 8 नमक रेक लोड कर रवाना किए गए, जिससे क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांग को पूरा करने में सहायता मिली। कृषि क्षेत्र को समय पर उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 17 फर्टिलाइजर रेक की सफलतापूर्वक लोडिंग की गई।
अहमदाबाद मंडल ने अगस्त 2026 के दौरान भी माल ढुलाई और परिचालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडल द्वारा 4.4651 मिलियन टन माल का लदान किया गया, जिससे रेलवे को ₹631.31 करोड़ की आय प्राप्त हुई।
अगस्त 2026 में औसतन 218.84 ट्रेन प्रतिदिन इंटरचेंज हुईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है। वहीं, DFC बिंदुओं पर औसत इंटरचेंज 11.8 प्रतिशत बढ़कर 100.81 ट्रेन प्रतिदिन हो गया। इस दौरान 365 लॉन्ग हॉल ट्रेनें भी चलाई गईं, जो माल परिवहन की दक्षता और परिचालन क्षमता में निरंतर वृद्धि को दर्शाता है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए अहमदाबाद मंडल की पूरी टीम, परिचालन विभाग, वाणिज्यिक विभाग तथा DFCCIL के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम के समन्वित प्रयासों, बेहतर परिचालन योजना और माल ढुलाई क्षमता के प्रभावी उपयोग का परिणाम है।
अहमदाबाद मंडल का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला को और अधिक सुदृढ़ करने, माल परिवहन को गति देने तथा माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व में वृद्धि करने की दिशा में मंडल की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
