नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच मध्य रेल ने रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में खेरवाड़ी यार्ड में महत्वपूर्ण ट्रैक कार्य पूरा किया है। इन कार्यों का उद्देश्य कुंभ के दौरान संभावित रूप से बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए सुरक्षित, सुचारु और कुशल ट्रेन परिचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में 13.09.2026 को 13:10 बजे से 15:40 बजे तक संयुक्त अप एवं डाउन लाइन ब्लॉक लेकर खेरवाड़ी यार्ड में प्रमुख ट्रैक कार्य किए गए। निर्धारित ब्लॉक अवधि के दौरान सीएसएमटी छोर पर मौजूदा क्रॉसओवर को बड़े पैमाने पर हटाने (Dismantling) का कार्य किया गया। इस कार्य के लिए अनेक ट्रैक मशीनों के साथ पर्याप्त संख्या में कुशल कर्मचारियों की तैनाती की गई।

इसी दौरान भुसावल छोर पर थिक वेब स्विच (TWS) तथा क्रॉसिंग की स्थापना का कार्य भी पूरा किया गया। उपलब्ध ब्लॉक अवधि के भीतर सभी कार्य समय पर पूरे करने और ट्रेन परिचालन को निर्धारित समय पर बहाल करने के लिए संबंधित इंजीनियरिंग एवं परिचालन टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया गया।

मध्य रेल के अनुसार, ये कार्य कुंभ-2027 के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित उल्लेखनीय वृद्धि को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे योजनाबद्ध और समयबद्ध अवसंरचना सुदृढ़ीकरण कार्यों का हिस्सा हैं। आधुनिक ट्रैक मशीनरी, कुशल कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर तैनाती और समन्वित तरीके से कार्यों का निष्पादन महत्वपूर्ण रेलवे अवसंरचना कार्यों को सुरक्षा एवं परिचालन दक्षता बनाए रखते हुए पूरा करने की मध्य रेल की तैयारी और तकनीकी क्षमता को दर्शाता है।

मध्य रेल द्वारा कुंभ-2027 के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध यात्री आवागमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ करने और परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। खेरवाड़ी यार्ड में पूरा किया गया यह ट्रैक कार्य इसी व्यापक तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story