भारतीय नौसेना में शामिल होने का आ गया बड़ा अवसर ; आवेदन से पहले जान लें ये जरूरी बातें
भारतीय नौसेना ने अग्निवीर एमआर (म्यूज़िशियन) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। 11 से 26 अप्रैल 2026 तक आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी। 10वीं पास और संगीत में दक्ष उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं।

भारतीय नौसेना के म्यूजिशियन बैंड का प्रदर्शन
देश की सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक अहम खबर सामने आई है। भारतीय नौसेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर एमआर (म्यूज़िशियन) भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से 01/2027 और 02/2027 बैच के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिससे हजारों युवाओं के लिए नौसेना में शामिल होने का मार्ग खुल गया है।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विशेष रूप से अग्निवीर एमआर (म्यूज़िशियन) 02/2026 जुलाई बैच के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 11 अप्रैल 2026 यानी के आज से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 26 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए खास अवसर है जिन्होंने न्यूनतम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की है और संगीत के क्षेत्र में दक्षता रखते हैं।
अग्निवीर MR पद के तहत चयनित उम्मीदवारों को चार वर्षों की अवधि के लिए सेवा करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान उन्हें नौसेना के विभिन्न बैंड्स में संगीत प्रस्तुत करने का दायित्व निभाना होगा। इसके साथ ही, इस श्रेणी के अंतर्गत अभ्यर्थियों को शेफ, स्टीवर्ड और हाइजीनिस्ट जैसी भूमिकाओं में भी कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों का प्रशिक्षण जुलाई 2026 से प्रारंभ होने की संभावना है।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। चयन के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, संगीत दक्षता परीक्षण और अंत में मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य और प्रतिभाशाली उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित करना है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक प्रक्रिया का पालन करना होगा, जिसमें पंजीकरण, व्यक्तिगत और संगीत से संबंधित जानकारी भरना, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना और निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन जमा करना शामिल है। आवेदन पूरा होने के बाद अभ्यर्थियों को भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र की प्रति सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
यह भर्ती न केवल युवाओं को देश की सेवा का अवसर प्रदान करती है, बल्कि उन्हें संगीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का मंच भी देती है। अग्निपथ योजना के तहत यह पहल युवाओं के लिए एक नई दिशा और सशक्त भविष्य की ओर बढ़ने का महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
