अग्निवीर बनने का आखिरी मौका ; आज खत्म हो रही है आवेदन की तारीख, तुरंत देखें पूरी जानकारी
भारतीय सेना अग्निवीर CEE भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल है। 25,000 से अधिक पदों के लिए आज आखिरी मौका है। जानिए आवेदन प्रक्रिया, चयन चरण, परीक्षा तिथि और जरूरी निर्देशों से जुड़ी पूरी जानकारी।

भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती 2026
भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 यानी की आज है, जिसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह बंद हो जाएगी। पहले यह अंतिम तिथि 1 अप्रैल तय की गई थी, जिसे बढ़ाकर 10 अप्रैल किया गया था। अब यह आखिरी मौका भी समाप्त हो रहा है, जिससे अभ्यर्थियों में अंतिम समय की भागदौड़ साफ देखी जा रही है।
इस भर्ती के तहत जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, ट्रेड्समैन और क्लर्क जैसे विभिन्न पदों पर करीब 25,000 से अधिक रिक्तियों को भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से शुरू हुई थी और अब अपने अंतिम चरण में है। इसके बाद चयन प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें उम्मीदवारों की योग्यता, शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य मानकों का कड़ा परीक्षण किया जाएगा। लिखित परीक्षा 1 जून से 16 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, जिसमें कई अहम चरण शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया:
- कंप्यूटर आधारित टेस्ट (ऑनलाइन लिखित परीक्षा)
- फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET)
- फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT)
- ट्रेड/टाइपिंग टेस्ट (यदि आवश्यक हो)
- डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
- मेडिकल टेस्ट
आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन माध्यम से ही फॉर्म भरना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए कुछ निर्धारित चरणों का पालन करना जरूरी है।
ऑनलाइन आवेदन करने के स्टेप्स:
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: joinindianarmy.nic.in
- ‘अग्निपथ’ सेक्शन में जाकर रजिस्ट्रेशन या लॉगिन करें
- आधार कार्ड/नंबर के माध्यम से सत्यापन पूरा करें
- व्यक्तिगत, शैक्षणिक और संपर्क विवरण सावधानीपूर्वक भरें
- फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें
- ₹250 परीक्षा शुल्क व बैंक चार्ज का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करें
- फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखें
भारतीय सेना की यह भर्ती न केवल युवाओं को देश सेवा का अवसर देती है, बल्कि उनके करियर को एक नई दिशा भी प्रदान करती है। आवेदन की अंतिम तिथि के साथ ही यह प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश करेगी, जिससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य का रास्ता तय होगा। ऐसे में जो उम्मीदवार अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए आज का दिन बेहद अहम है।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
