भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक जवान जिसे हाल ही में बांग्लादेश की सीमा में पकड़े जाने के बाद हिरासत में ले लिया गया था, अब वापस भारत लौट आया है। इस पूरी घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें पूरी स्थिति साफ नजर आ रही है। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि सीमा पर कुछ स्थानीय बांग्लादेशी नागरिक बीएसएफ के जवान को लगातार उकसा रहे हैं।

वायरल वीडियो के अनुसार, जब स्थानीय लोग सीमा की दूसरी तरफ से कुछ कह रहे थे, तब बीएसएफ के जवान का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि 'घर में घुसकर मारूंगा'। वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि जवान बांस से बनाई गई सीमा को पार करके दूसरी तरफ चले जाते हैं। इस दौरान उनकी आवाज सुनाई देती है कि वह कह रहे हैं कि उन्हें चैलेंज किया जा रहा है और अगर चैलेंज किया जाएगा तो वह घर में घुसकर मारेंगे। इसके बाद जवान को सीमा पार करते हुए साफ देखा गया है।

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने सिलहट के गोवाइनघाट उपजिले में सीमा के पास से बीएसएफ के इस जवान को हिरासत में लिया था। हालांकि राहत की बात यह है कि अब उस जवान को वापस छोड़ दिया गया है, लेकिन आधिकारिक तौर पर उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

बांग्लादेश के अखबार 'प्रथोमआलो' की रिपोर्ट के अनुसार यह पूरी घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। यह वाकया बांग्लादेश की सीमा के भीतर बिच्छनाकंडी सीमावर्ती इलाके का बताया गया है। हालांकि, इस वीडियो और बांग्लादेशी पक्ष की ओर से किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पूरी पुष्टि नहीं हुई है। प्रथोमआलो ने बीजीबी की सिलहट बटालियन के सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि बिच्छनाकंडी सीमा क्षेत्र में बीजीबी की पेट्रोल टीम ने बीएसएफ के जवान को हथियारों के साथ देखा था, जिसके बाद उन्हें पकड़ा गया। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि बीएसएफ के जवान कथित तौर पर बांग्लादेश की सीमा के अंदर 200 गज की दूरी तक चले गए थे।

इस घटना की पुष्टि सिलहट बटालियन (48 BGB) के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल नूर उद्दीन अहमद ने की है। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद बीएसएफ जवान को बीजीबी के बिच्छनाकंडी बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) कैंप ले जाया गया था। इसके साथ ही उनके पास मौजूद हथियार को भी वहीं सुरक्षित रखा गया था। लेफ्टिनेंट कर्नल नूर उद्दीन अहमद ने यह भी जानकारी दी थी कि इस घटना के बाद बीजीबी की तरफ से बीएसएफ के साथ फ्लैग मीटिंग आयोजित करने का अनुरोध किया गया था, ताकि सीमा से जुड़े इस मामले को सुलझाया जा सके। फिलहाल जवान सुरक्षित अपने देश वापस लौट आए हैं और इस घटना ने सीमा पर सुरक्षा और सतर्कता के मुद्दों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story