मुंबई एयरपोर्ट पर शुक्रवार (12 सितंबर, 2025) को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्पाइसजेट फ्लाइट में उड़ान भरते समय अचानक तकनीकी खराबी आ गई। जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट एयरलाइन का बॉम्बार्डियर Q400 विमान गुजरात के कांडला एयरपोर्ट से 75 यात्री और क्रू सदस्यों को लेकर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान का बाहरी पहिया टूटकर नीचे गिर गया। यह घटना इतनी गंभीर थी कि एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन के अधिकारी तुरंत अलर्ट हो गए।


हवा में खौफनाक पल, गिरा पहिया :


कांडला एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने बताया कि जब विमान ने उड़ान भरी, उसी दौरान हवा में किसी भारी चीज को नीचे गिरते देखा गया। ATC ने तुरंत पायलट को इसकी जानकारी दी और रनवे पर ATC की जीप भेजी गई। जांच करने पर पता चला कि रनवे पर स्पाइसजेट फ्लाइट का बाहरी पहिया और उसके धातु के रिंग्स गिरे हुए थे। इसके बाद पूरे विमानन विभाग में खलबली मच गई।


मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित :


जैसे ही खबर मुंबई पहुंची कि हवा में उड़ रहे विमान का पहिया गिर चुका है, मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। दमकल गाड़ियों, एम्बुलेंस और रेस्क्यू टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया। हालांकि, यात्रियों की किस्मत अच्छी रही कि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए स्पाइसजेट फ्लाइट को सुरक्षित रूप से लैंड कराया। शाम करीब 4 बजे विमान ने बिना किसी बड़ी परेशानी के मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग की और खुद टैक्सी करता हुआ टर्मिनल तक पहुंचा। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर निकल आए।


एयरलाइन ने दी सफाई :



स्पाइसजेट एयरलाइन की ओर से इस घटना को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया गया। प्रवक्ता ने कहा – “12 सितंबर को कांडला से मुंबई जा रहे हमारे Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया। इसके बावजूद स्पाइसजेट फ्लाइट ने सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग की और यात्री सामान्य रूप से विमान से उतरे।”


DGCA के पूर्व अधिकारी ने जताई चिंता :


DGCA के एक पूर्व अधिकारी ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि विमान का पहिया गिरना किसी भी स्थिति में सामान्य घटना नहीं मानी जा सकती। उन्होंने बताया कि ऐसे विमान में पहिए का असेंबली दो यूनिट्स का होता है, इसलिए एक पहिया निकलने के बाद भी दूसरा जुड़ा रहने से विमान संभल गया। लेकिन अगर दूसरा पहिया भी निकल जाता तो हालात बेहद खतरनाक हो सकते थे।


यात्रियों ने ली राहत की सांस :


विमान में मौजूद 75 यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे। लेकिन उड़ान के दौरान जब उन्हें बताया गया कि विमान का पहिया गिर चुका है, तो सभी की सांसें थम गईं। मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और पायलट की सूझबूझ की तारीफ की।



बड़ी लापरवाही या टेक्निकल खराबी ?


अब जांच की जा रही है कि यह घटना किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुई या फिर रखरखाव (मेंटेनेंस) की बड़ी लापरवाही के कारण। विमानन सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस मामले की गहन जांच की जानी चाहिए, क्योंकि इस तरह की घटनाएं यात्रियों की जान पर भारी पड़ सकती हैं।


Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story