सोनू सूद पर भी गिरी ED की गाज; पूछताछ के लिए बुलावा
बेटिंग ऐप केस में ईडी का बड़ा एक्शन युवराज सिंह सोनू सूद और रॉबिन उथप्पा समेत कई नामचीन हस्तियों को तलब

अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े बेटिंग ऐप केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इस कार्रवाई की जद में अब कई बड़ी हस्तियां आ चुकी हैं। ईडी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा और बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को पूछताछ के लिए समन भेजा है। वहीं, कुछ अन्य क्रिकेटर और फिल्म जगत से जुड़े नाम भी इस केस में एजेंसी के रडार पर हैं।
युवराज सिंह और उथप्पा को ईडी का समन :
सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने युवराज सिंह को 23 सितंबर को दिल्ली मुख्यालय में पेश होने का आदेश दिया है। वहीं, रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर को बुलाया गया है। उथप्पा 2007 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं और उस यादगार टूर्नामेंट में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। अब वे बेटिंग ऐप केस में पूछताछ का सामना करेंगे।
सोनू सूद से भी पूछताछ :
अभिनेता सोनू सूद को ईडी ने 24 सितंबर को पूछताछ के लिए समन भेजा है। कोविड महामारी के दौरान गरीबों और मजदूरों की मदद के कारण सोनू सूद की लोकप्रियता काफी बढ़ी थी। अब वे भी इस मामले में एजेंसी के सवालों के घेरे में होंगे।
किन-किन से हो चुकी है पूछताछ :
इससे पहले ईडी क्रिकेटर शिखर धवन, सुरेश रैना और हरभजन सिंह से भी पूछताछ कर चुकी है। बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा ने भी ईडी के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया है। वहीं, टीएमसी की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती से भी सवाल-जवाब किए गए। अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भी नोटिस भेजा गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक एजेंसी को पूछताछ में शामिल होने पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।
क्या है पूरा मामला :
ईडी की यह जांच कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़ी हुई है। आरोप है कि इस ऐप के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी की गई और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी भी हुई। इस बेटिंग ऐप केस में कहा जा रहा है कि कई क्रिकेटर्स और फिल्मी हस्तियां प्रचार गतिविधियों से जुड़ी थीं। एजेंसी अब यह जांच कर रही है कि इन हस्तियों ने किस हद तक इस कंपनी के प्रमोशन में भाग लिया और वित्तीय लेन-देन किस तरह से हुआ।
कंपनी का दावा :
वहीं, 1xBet का कहना है कि वह पिछले 18 वर्षों से सट्टेबाजी उद्योग में सक्रिय एक वैश्विक प्लेटफॉर्म है और उसके पास खेल आयोजनों पर दांव लगाने की सुविधा उपलब्ध है। कंपनी का यह भी कहना है कि उनका ऐप और वेबसाइट 70 से अधिक भाषाओं में उपलब्ध है और लाखों यूजर्स इसका इस्तेमाल करते हैं। इस पूरे बेटिंग ऐप केस ने क्रिकेट और बॉलीवुड की कई हस्तियों को कठघरे में खड़ा कर दिया है। ईडी का कहना है कि वह किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं मानती और जिनसे भी जुड़े वित्तीय लेन-देन के सबूत मिलेंगे, उनसे सख्त पूछताछ की जाएगी। आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम इस जांच में सामने आ सकते हैं।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
