उत्तर पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई माह तक यात्री सुविधाओं के विस्तार और माल ढुलाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज किया है। रेलवे ने यात्री भार में 7 प्रतिशत और माल ढुलाई में 18 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा स्पेशल रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही पहले से संचालित स्पेशल रेल सेवाओं के फेरों में विस्तार किया जा रहा है और यात्रियों की अधिकता को देखते हुए विभिन्न रेल सेवाओं में डिब्बों की अस्थाई बढ़ोतरी भी की जा रही है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, जुलाई 2026 के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे से लगभग 0.81 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की। इससे रेलवे को 164 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। यह संख्या पिछले वर्ष जुलाई माह में यात्रा करने वाले 0.72 करोड़ यात्रियों की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पिछले वर्ष जुलाई माह में प्राप्त 145 करोड़ रुपये के यात्री राजस्व की तुलना में इस वर्ष राजस्व में भी 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई माह तक उत्तर पश्चिम रेलवे से लगभग 7 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 1310 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व अर्जित हुआ। यह पिछले वर्ष जुलाई माह तक यात्रा करने वाले लगभग 6 करोड़ यात्रियों की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में प्राप्त 1158 करोड़ रुपये के राजस्व की तुलना में इस वर्ष यात्री राजस्व में 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

माल ढुलाई के क्षेत्र में भी उत्तर पश्चिम रेलवे ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जुलाई 2026 में 2.694 मिलियन टन माल की ढुलाई की गई, जिससे 166.83 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि में हुई 2.472 मिलियन टन माल ढुलाई की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पिछले वर्ष इसी अवधि में प्राप्त 157.35 करोड़ रुपये के राजस्व की तुलना में इस बार लगभग 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई माह तक उत्तर पश्चिम रेलवे ने 10.851 मिलियन टन माल की ढुलाई कर लगभग 1439.90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 9.743 मिलियन टन माल ढुलाई की तुलना में लगभग 11 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पिछले वर्ष प्राप्त 1223.33 करोड़ रुपये के राजस्व की तुलना में इस बार लगभग 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, परिचालन दक्षता में सुधार और यात्री एवं माल परिवहन सेवाओं के निरंतर उन्नयन के माध्यम से राजस्व में वृद्धि की जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे भविष्य में भी संरक्षित एवं समयबद्ध रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, माल परिवहन क्षमता में वृद्धि और आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story