कौन थे गुरु अमर दास? सिख धर्म के वो महान सुधारक जिन्होंने समाज को दी समानता की नई राह
गुरु अमर दास जी ने सती प्रथा का विरोध और लंगर परंपरा को सशक्त कर समाज में समानता और न्याय की नई नींव रखी।

5 अप्रैल 1479 को पंजाब के अमृतसर जिले में स्थित बासरके गाँव में जन्में गुरु अमर दास जी का जीवन शुरू से ही सादगी और धार्मिक निष्ठा का प्रतिबिंब रहा। पिता तेज भान भल्ला और माता भक्त कौर (जिन्हें लक्ष्मी और रूप कौर के नाम से भी जाना जाता है) के सानिध्य में पले-बढ़े अमर दास जी ने अपने गृहस्थ जीवन में मनसा देवी के साथ विवाह किया और दो पुत्रों मोहरी और मोहन तथा दो पुत्रियों दानी और भानी के पिता बने। उनका जीवन दर्शन मुख्य रूप से 'गुरु सेवा' के इर्द-गिर्द केंद्रित था, जिसे उन्होंने न केवल उपदेशों बल्कि अपने कर्मों से भी सिद्ध किया। आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ नैतिक जीवन को अनिवार्य मानने वाले गुरु अमर दास जी ने अपने अनुयायियों को ब्रह्ममुहूर्त में उठने, स्नान करने और एकांत में मौन ध्यान लगाने की शिक्षा दी। उनके अनुसार एक सच्चे भक्त का गुण सत्य बोलना, मन पर नियंत्रण रखना, केवल भूख लगने पर भोजन करना और सदैव सत्संगत की तलाश करना है। उन्होंने ईमानदारी से जीने, पवित्र पुरुषों की सेवा करने और दूसरों की संपत्ति या प्रतिष्ठा को नुकसान न पहुँचाने जैसे जीवन मूल्यों पर विशेष बल दिया।
गुरु अमर दास जी मात्र एक आध्यात्मिक गुरु नहीं बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे, जिन्होंने तत्कालीन समाज में व्याप्त कुरीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने महिलाओं के स्वाभिमान के लिए पर्दा प्रथा और सती प्रथा जैसी अमानवीय परंपराओं का कड़ा विरोध कर सामाजिक न्याय की नींव रखी। इसके साथ ही उन्होंने क्षत्रियों को अपने अधिकारों की रक्षा और न्याय के लिए लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया और इसे धर्म का वास्तविक स्वरूप बताया। उनके उपदेशों का मूल मंत्र था कि भक्ति वही श्रेष्ठ है जिसमें गुरु की छवि हृदय में बसी हो और आचरण पूरी तरह निष्कलंक हो। उनके द्वारा स्थापित 'लंगर' और 'पंगत' जैसी व्यवस्थाओं ने जातिगत भेदभाव को मिटाकर समाज के हर वर्ग को एक साथ बिठाया, जिसने भारतीय इतिहास में एक अभूतपूर्व सामाजिक क्रांति का सूत्रपात किया।
गुरु अमर दास जी का व्यक्तित्व उस प्रकाश स्तंभ की तरह है जिसने मध्यकालीन अंधकार में डूबे समाज को करुणा, त्याग और समानता की ज्योति दिखाई। उनके द्वारा रचित वाणी और उनके द्वारा किए गए सामाजिक सुधार आज भी सिख धर्म की रीढ़ हैं, जो हमें सिखाते हैं कि वास्तविक आध्यात्मिकता समाज से भागने में नहीं बल्कि समाज की सेवा और कुरीतियों के विरुद्ध खड़े होने में निहित है। उनका योगदान युगों-युगों तक मानवता को न्यायपूर्ण और नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा देता रहेगा।

