हनुमानगढ़, 10 नवंबर।

जिले में मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम—2026 (SIR-2026) की गति अब तेज़ हो चली है। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री जसवंत सिंह ने सोमवार को जिले का दौरा कर इस महत्वपूर्ण अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे परिगणना प्रपत्र वितरण कार्य की बारीकी से समीक्षा की और अभियान की जमीनी स्थिति का आकलन किया।

एडीसी ने बताया कि जिले में अब तक 6 लाख से अधिक परिगणना प्रपत्र बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, मतदाता सूची में सटीकता लाने के लिए किए जा रहे वंशावली मानचित्रण (फैमिली मैपिंग) कार्य में जिले के लगभग 10 लाख मतदाता शामिल हो चुके हैं। हनुमानगढ़ जिले में कुल 14 लाख 47 हजार 472 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग 86 प्रतिशत और 40 वर्ष से कम आयु वर्ग के 53 प्रतिशत मतदाताओं का सफलतापूर्वक मैपिंग कार्य पूरा हो गया है। इस प्रकार जिले के करीब 69 प्रतिशत मतदाता पिछले पुनरीक्षण की मतदाता सूची से जुड़ चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेदी लाल मीना, पीलीबंगा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम श्रीमती उमा मित्तल, सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया में मतदाताओं को किसी भी प्रकार का दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है, उन्हें केवल परिगणना प्रपत्र में आवश्यक सूचनाएं भरनी हैं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर दो प्रति में परिगणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं, जिनमें एक प्रति में मतदाता की सामान्य जानकारी पूर्व मुद्रित होती है। मतदाता को अपने पिता या अभिभावक का नाम, माता का नाम, जीवनसाथी की जानकारी और मोबाइल नंबर जैसी सूचनाएं भरनी होती हैं। यदि मतदाता पिछली विशेष पुनरीक्षण सूची में शामिल थे, तो उन्हें उस समय की सूची का क्रमांक, भाग संख्या और विधानसभा क्षेत्र का विवरण दर्ज करना होता है। यदि वे पहले सूची में शामिल नहीं थे, तो अपने किसी रिश्तेदार जैसे माता-पिता, दादा-दादी या नाना-नानी के विवरण के आधार पर यह जानकारी भरनी होती है।

एडीसी श्री जसवंत सिंह ने अपील की कि हर पात्र मतदाता 4 दिसंबर, 2025 तक अपनी नवीनतम रंगीन फोटो और पूर्ण जानकारी के साथ परिगणना प्रपत्र अपने बीएलओ को सौंपें, ताकि स्वच्छ, सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची का निर्माण संभव हो सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य लोकतंत्र के प्रति नागरिकों के उत्तरदायित्व और सहभागिता का प्रतीक है।

जिले में अब तकनीकी सुविधा के तहत मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी परिगणना प्रपत्र भर सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in/

पोर्टल पर जाकर ‘एसआईआर—2026: फिल इनुमेरेशन फॉर्म’ आइकन पर क्लिक कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय मतदाता का नाम ई-पिक (2025) और आधार ई-सादन टूल पर समान होना आवश्यक है, अन्यथा सिस्टम फॉर्म को स्वीकार नहीं करेगा। साथ ही, मोबाइल नंबर का ई-रोल से लिंक होना भी अनिवार्य है। यदि लिंक नहीं है, तो पहले ऑनलाइन फॉर्म-8 भरकर मोबाइल नंबर को जोड़ा जा सकता है। ऑनलाइन प्रपत्र सबमिट करने के बाद मतदाता को एसएमएस के माध्यम से पुष्टि प्राप्त होगी।

यह अभियान न केवल मतदाता सूची को अद्यतन और सटीक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को लोकतंत्र के सशक्तिकरण की प्रक्रिया में सहभागी बनने का अवसर भी प्रदान करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story