हनुमानगढ़, 25 नवम्बर। जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम—SIR 2026 के तहत अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को एक भव्य वॉकथॉन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) श्री उम्मेदी लाल मीना ने हरी झंडी दिखाकर किया।

उद्घाटन सत्र में एडीएम मीना ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। इसके लिए नागरिक मतदाता बीएलओ से संपर्क कर अपने विवरण अपडेट कर सकते हैं या voter.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन परिगणना प्रपत्र भर सकते हैं।

वॉकथॉन की शुरुआत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (फोर्ट), हनुमानगढ़ टाउन से हुई और यह मुख्य मार्गों से होते हुए सेंट्रल पार्क में संपन्न हुआ। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था के लिए श्री अनिल चिदा और उनकी टीम ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया। स्काउट-गाइड और एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

समापन सत्र में तहसीलदार हनुमानगढ़ श्रेक हरीश सहारण ने SIR 2026 की महत्ता पर जोर देते हुए अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन और ऑफलाइन परिगणना प्रपत्र भरने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस संदेश को अपने समाज और समुदाय तक पहुँचाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में मुख्य बीएलओ श्री काशीराम, एसीबीईओ श्री दीपक मिढ्ढा, स्काउट-गाइड प्रतिनिधि श्री मुंशीराम, श्री संजीव कुमार, श्री सुभाष गोदारा और जिला निर्वाचन कार्यालय के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इस आयोजन ने हनुमानगढ़ में मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र में सक्रिय नागरिक भागीदारी को नए आयाम दिए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story