नोहर, 23 दिसंबर। बांग्लादेश निवासी हिंदू युवक दीपुदास के साथ कथित रूप से की गई अमानवीय प्रताड़ना और उसे पेड़ से बांधकर जलाए जाने की घटना के विरोध में गुरुवार को नोहर में व्यापक आक्रोश देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद जोधपुर प्रांत के निर्देशानुसार विहिप, बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी की संयुक्त टीम तथा समस्त हिंदू समाज के आह्वान पर शहर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रदर्शन की शुरुआत भगतसिंह चौक के समीप स्थित प्राचीन शिवमंदिर पाठशाला परिसर से हुई, जहां सर्व हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। उपस्थित जनसमूह ने बांग्लादेश में हिंदुओं को कथित रूप से निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर रोष व्यक्त किया और न्याय की मांग उठाई। इसके पश्चात प्रदर्शनकारियों ने रैली के रूप में टेगौर चौक तक मार्च किया, जहां आतंकवाद का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।

इस अवसर पर विहिप प्रखंड संरक्षक सत्यवीर सहारण ने संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुओं पर अत्याचार की घटनाएं केवल बांग्लादेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विश्व के कई हिस्सों में ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह चुन-चुनकर हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, वह गंभीर चिंता का विषय है और इसे किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने “आतंकवाद हो बर्बाद” और “बांग्लादेश के हिंदुओं को वापस लाओ” जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संगठित रहने और मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। यह प्रदर्शन न केवल स्थानीय स्तर पर आक्रोश की अभिव्यक्ति बना, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे को रेखांकित करने वाला संदेश भी साबित हुआ।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story