नोहर, 25 दिसंबर।

भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बुधवार को नोहर में सुशासन दिवस के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर राजनीतिक, प्रशासनिक और पंचायत स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें अटल जी के जीवन, उनके विचारों और सुशासन की अवधारणा को स्मरण करते हुए पारदर्शी व निष्पक्ष प्रशासन का संकल्प दोहराया गया।

शहर के मटोरिया भवन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर आसीन रहने के बावजूद अटल बिहारी वाजपेयी सरलता, सादगी और शुचिता के प्रतीक थे। उनका सार्वजनिक जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और जनकल्याण के प्रति समर्पण का आदर्श उदाहरण रहा। कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष बसंत तिवाड़ी, पूर्व मंडल महामंत्री मोहनलाल डाबी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अदरीश गोरी, श्री किशन सोनी, विनोद पारीक, देवीलाल शर्मा, सोनू सारसूत, पूर्व मंडल महामंत्री ओमप्रकाश लालवानी, मनीराम छिपां, गंगाराम बेनीवाल और प्रेम गोदारा प्रभु सेनी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसी क्रम में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में भी सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिना भय और पक्षपात के पूर्ण पारदर्शिता तथा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ ली। कार्यक्रम में परिवहन अधिकारी रायसिंह, लेखाधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, सहायक प्रोग्रामर अरुण कुमार सैनी, प्रमोद कुमार, सूचना सहायक संदीप कुमार भाटी, कमल कुमार, सुरक्षाकर्मी धर्मेन्द्र, ओमप्रकाश ढाका, चुन्नीलाल, असलम और भूप डूडी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त पंचायत समिति कार्यालय में भी भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। यहां उपस्थित जनों ने अटल जी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर सुशासन की शपथ ली और उनके आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।

नोहर में आयोजित इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन, नैतिक राजनीति और जनसेवा के विचारों को स्मरण करते हुए यह संदेश दिया गया कि उनके आदर्श आज भी प्रशासन और समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story