हनुमानगढ़। मकर संक्रांति और अन्य पर्वों के दौरान बढ़ती पतंगबाजी से मानव जीवन, पशु-पक्षियों और सार्वजनिक सुरक्षा पर मंडराते खतरे को देखते हुए हनुमानगढ़ जिला प्रशासन ने कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं। जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट डॉ. खुशाल यादव ने जन-सुरक्षा, लोक स्वास्थ्य तथा विद्युत प्रसारण व्यवस्था को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए जिले की राजस्व सीमा में चाइनीज मांझे, प्लास्टिक एवं अन्य सिंथेटिक पदार्थों से बने मांझे के निर्माण, विपणन और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

प्रशासनिक आदेश के अनुसार, प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक तथा सायं 5 बजे से 7 बजे तक सभी प्रकार की पतंगबाजी पूर्णतः निषिद्ध रहेगी। यह निर्णय उन घटनाओं और जोखिमों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिनमें धारदार और विद्युत सुचालक चाइनीज मांझे के कारण पक्षियों के घायल होने, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के गंभीर रूप से जख्मी होने तथा विद्युत तारों के संपर्क में आने से दुर्घटनाओं और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी रहती है।

स्वायत्त शासन विभाग के पूर्व परिपत्रों का संदर्भ देते हुए यह आदेश माननीय उच्च न्यायालय, राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ द्वारा डी.बी. सिविल रिट पिटीशन संख्या 12793/2011 महेश अग्रवाल बनाम राजस्थान राज्य व अन्य में दिए गए निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है। न्यायालय के आदेश में स्पष्ट रूप से तय समयावधि में पतंगबाजी पर रोक और खतरनाक मांझों के उपयोग पर प्रतिबंध के निर्देश दिए गए थे, जिनका अनुपालन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।

गृह (ग्रुप-9) विभाग, राजस्थान सरकार के परामर्शदात्री द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में जारी यह निषेधाज्ञा 27 दिसंबर से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आदेश की कड़ाई से पालना करने का आह्वान किया है। आदेश की अवहेलना या उल्लंघन की स्थिति में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि यह कदम किसी पर्व या उत्सव के विरुद्ध नहीं, बल्कि मानव जीवन, पशु-पक्षियों की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया है। हनुमानगढ़ में यह सख्ती आने वाले दिनों में सुरक्षित और जिम्मेदार उत्सव मनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story