जयपुर, 6 नवम्बर।

राजस्थान में सड़क सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में 4 से 18 नवम्बर तक चल रहे 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान के पहले ही दिन पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई ने प्रभावशाली परिणाम दिखाए हैं। अभियान के पहले दो दिनों में न केवल 15 हजार से अधिक सड़क उपयोगकर्ताओं को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया, बल्कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की गई।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीना ने बताया कि पहले दिन प्रदेशभर में पुलिस ने बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया। शराब पीकर वाहन चलाने पर 307, तेज गति से वाहन चलाने पर 2,743, गलत दिशा में चलने पर 753, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर 178, बिना रिफ्लेक्टर वाहन चलाने पर 149 और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 529 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 4,500 से अधिक पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात रहे।

डॉ. मीना ने बताया कि राज्य के विभिन्न राजमार्गों पर एनएच-48 मॉडल के अनुरूप लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके तहत 135 पुलिस जाप्तों के माध्यम से लोगों को लेन ड्राइविंग का महत्व समझाया गया, जबकि 143 जाप्तों को नियम पालन सुनिश्चित कराने के लिए तैनात किया गया। नियमों की अनदेखी करने पर 49 वाहन चालकों पर कार्रवाई भी की गई।

वहीं, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने भी समानांतर रूप से सख्त कदम उठाए। विभाग द्वारा 4 और 5 नवम्बर को की गई कार्रवाई में कुल 2,758 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 193 मामलों में मालवाहक वाहनों पर ओवरलोडिंग, 85 मामलों में मालवाहक वाहनों में यात्री पाए जाने और 1,819 मामलों में अन्य नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री बैठाने पर 42, छत पर सामान रखने पर 6 बसों और अन्य नियमों के उल्लंघन पर 181 चालान जारी किए गए।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने 83 ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए, 7 वाहनों के परमिट रद्द किए और 116 वाहनों को सीज किया। विभाग ने चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

राज्य सरकार के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर को कम करना, यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करना, सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाना और सड़क उपयोगकर्ताओं में जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना को बढ़ाना है। यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा की दिशा में एक निर्णायक कदम है, बल्कि सुरक्षित यातायात संस्कृति के निर्माण की ओर राज्य सरकार का ठोस संकल्प भी दर्शाती है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story