हनुमानगढ़, 27 नवम्बर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना–2025 के तहत बीकानेर से कोलकाता–गंगासागर के लिए विशेष रेलगाड़ी 2 दिसंबर, 2025 को दोपहर 1 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह विशेष ट्रेन जयपुर जंक्शन और भरतपुर होते हुए तीर्थ स्थानों तक पहुंचेगी। इस यात्रा में कुल 970 यात्रियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है, जिनमें बीकानेर से 600, जयपुर से 240 और भरतपुर से 130 यात्री सफर करेंगे।

यात्रियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय पर संबंधित रेलवे स्टेशनों पर पहुंचकर सभी औपचारिकताएं पूरी करें। सहायक आयुक्त, बीकानेर के तहत बीकानेर एवं चूरू जिले के यात्री सुबह 7 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पर रिपोर्ट करेंगे। हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले के यात्रियों को भी बीकानेर में ही उपस्थित होना होगा। जयपुर जिले के यात्रियों के लिए जयपुर जंक्शन पर दोपहर 1 बजे रिपोर्ट करना अनिवार्य है, जबकि भरतपुर एवं डीग जिले के यात्रियों को दोपहर 3 बजे भरतपुर रेलवे स्टेशन पर उपस्थित होना होगा।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक ट्रेन प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में तैनात रहेंगे। इसके अलावा चिकित्सा सुविधा हेतु एक डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी भी पूरे सफर के दौरान यात्रियों के साथ रहेंगे और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

विभाग ने चयनित तीर्थ यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से फोन और संदेश के माध्यम से जानकारी भेजी है। यात्रियों को ऑनलाइन आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, मूल आधार कार्ड और दो पासपोर्ट आकार की फोटो साथ लाना अनिवार्य है। इसके साथ ही दैनिक उपयोग की सामग्री, आवश्यक दवाइयाँ, उपयोगी कपड़े और पर्याप्त नकदी साथ रखने की सलाह दी गई है।

विशेष रेलगाड़ी में सात दिन की संपूर्ण यात्रा के दौरान आवास, भोजन और अन्य सभी व्यवस्थाएं राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग हनुमानगढ़, श्री ओम प्रकाश ने बताया कि विभाग द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित कर ली गई हैं। इस यात्रा के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक अनुभव के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अवसर प्रदान किया जाएगा।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story