जिले में शुरू हुआ मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण: जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. यादव ने किया कार्य का अवलोकन, घर-घर पहुंचे बीएलओ
हनुमानगढ़ जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम शुरू हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने घर-घर चल रहे परिगणना प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण किया और नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

हनुमानगढ़, 4 नवम्बर।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मंगलवार से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अभियान की शुरुआत के साथ ही जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को परिगणना प्रपत्र (ईएफ) वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मंगलवार को हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में इस कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मक्कासर ग्राम में बीएलओ द्वारा चलाए जा रहे घर-घर वितरण कार्य का अवलोकन किया और मतदाताओं से संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. यादव ने नागरिकों से इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 119 से 125 तक के ईएफ वितरण कार्य की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने बीएलओ और ईआरओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और बताया कि प्रत्येक मतदाता को परिगणना प्रपत्र में मांगी गई जानकारी सही-सही भरकर देना अनिवार्य है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र नागरिक सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम शामिल न हो।
डॉ. यादव ने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में वर्ष 2002 की मतदाता सूचियों के आधार पर निर्वाचक मैपिंग की जा रही है। जिले में अब तक लगभग 60 प्रतिशत भौतिक मैपिंग पूर्ण हो चुकी है। निर्वाचन विभाग द्वारा तैयार किए गए परिगणना प्रपत्रों में प्रत्येक मतदाता का नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या और पुरानी फोटो पूर्व मुद्रित रहेगी। मतदाताओं को अपने नवीनतम रंगीन फोटो चिपकाकर आवश्यक विवरण सत्यापित करना होगा। बीएलओ इन प्रपत्रों को मतदाताओं से एकत्रित कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एईआरओ) को सौंपेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परिगणना चरण में किसी दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी। भरे हुए प्रपत्रों के आधार पर नामों को ड्राफ्ट रोल में शामिल किया जाएगा। गणना पूर्ण होने के पश्चात यदि किसी मतदाता का नाम पूर्ववर्ती एसआईआर से मेल नहीं खाता, तो ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा नोटिस जारी कर जांच की जाएगी। पात्र पाए गए नागरिकों के नाम अंतिम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएंगे, जबकि अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जाएंगे।
विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक घर-घर जाकर परिगणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जाएगा। इसके बाद 9 दिसम्बर 2025 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 9 दिसम्बर से 9 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जाएंगी, जबकि 31 जनवरी तक नोटिस फेज में सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
डॉ. यादव ने नागरिकों को राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in
और भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in
पर जाकर मतदाता सूची देखने और संबंधित जानकारी प्राप्त करने की सुविधा की जानकारी भी दी।
निरीक्षण के दौरान हनुमानगढ़ ईआरओ मांगीलाल, सुपरवाइजर पारस सुथार, बीएलओ अनसुईया, हरिकिशन, वंदना यादव, पवन कुमार और सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
- हनुमानगढ़ मतदाता सूचीविशेष गहन पुनरीक्षण 2025SIR RajasthanElection Commission RajasthanDr Khushal Yadav CollectorBLO house to house surveyenumeration form EF distributionvoter list revision RajasthanHanumangarh election updateमतदाता सूची संशोधनराजस्थान निर्वाचन आयोगमतदाता सूची अवलोकनबीएलओ सर्वेक्षणहनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्रमतदाता सूची 2026 प्रकाशन"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
