हनुमानगढ़, 14 नवम्बर। मतदाता सूचियों की शुद्धता और व्यवस्थित अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए जिले में चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण—2026 अपने महत्वपूर्ण चरण में है। अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की, जिसमें कार्य की गति बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी ईआरओ, सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारियों के साथ एसआईआर प्रगति की समीक्षा की।

जिले में कुल 14 लाख 47 हजार 472 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से बीएलओ द्वारा 14 लाख 13 हजार 935 मतदाताओं तक परिगणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं, जो लगभग 97.68 प्रतिशत वितरण को दर्शाता है। इनमें से 1,26,852 पूर्ण रूप से भरे हुए प्रपत्र बीएलओ द्वारा संग्रहित कर डिजिटलाइज्ड भी कर दिए गए हैं। जागरूकता और तकनीक के बढ़ते उपयोग को दर्शाते हुए 9,486 मतदाताओं ने स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने प्रपत्र भरे हैं, जिससे अभियान में डिजिटल प्रगति को बढ़ावा मिला है।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग, नगरपालिका क्षेत्र, महाविद्यालय और विद्यालय अपने-अपने स्तर पर अभियान का समर्थन बढ़ाएं। उन्होंने राशन डीलरों, पीडब्ल्यूडी के ठेकेदारों, डिस्कॉम के तकनीकी कार्मिकों सहित सभी विभागों को अपने कार्मिकों के ऑनलाइन फॉर्म भरवाने पर जोर दिया। महाविद्यालयों में छात्रों को ऑनलाइन फॉर्म भरने का प्रशिक्षण दिलाने और विद्यालयों में अभिभावकों के फॉर्म भरवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी संस्थाओं में एसआईआर जागरूकता संबंधी पोस्टर लगाने के भी निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से कहा कि आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र में भिन्नता होने पर ऑफलाइन प्रपत्र शीघ्र बीएलओ को जमा करवाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ई-मित्र केंद्रों के माध्यम से भी आसानी से ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकते हैं। अधिकारीयों को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ कार्मिकों तथा उनके परिवारों के फॉर्म समय पर भरवाकर अभियान की प्रगति सुनिश्चित करें।

इसी दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने पीलीबंगा क्षेत्र की भाग संख्या 204 में एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया, जहां बीएलओ संजीव कुमार द्वारा किए जा रहे वितरण और डिजिटाइजेशन की स्थिति की समीक्षा की गई। मौके पर उपस्थित वार्डवासियों को उन्होंने अभियान की महत्ता समझाते हुए ऑनलाइन प्रपत्र भरने की सुविधा का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही बीएलओ को व्हाट्सऐप समूह के माध्यम से मतदाताओं को निरंतर जानकारी साझा करने और प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी संजय अग्रवाल, निर्वाचन शाखा प्रभारी राकेश कुमार, ओमप्रकाश बेनीवाल और धर्मदेव गोदारा भी मौजूद रहे।

अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे परिगणना प्रपत्र शीघ्रता से जमा कर अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की पारदर्शिता को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में सहायता की आवश्यकता हो, तो हेल्पडेस्क और बीएलओ के माध्यम से पूरी मदद उपलब्ध है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story