हनुमानगढ़, 28 दिसम्बर। सतीपुरा रेलवे फाटक संख्या सी-66 पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को लेकर सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में फैली भ्रमपूर्ण रिपोर्टों के बीच सार्वजनिक निर्माण विभाग ने परियोजना की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट किया है। विभाग ने कहा कि आरओबी और अप्रोच रोड का निर्माण पूर्णतः स्वीकृत डिज़ाइन और ट्रैफिक मूवमेंट प्लान के अनुरूप प्रगतिशील रूप से चल रहा है।

हनुमानगढ़ के कार्यवाहक अधीक्षण अभियंता श्री अनिल अग्रवाल ने बताया कि एक लाख से अधिक यातायात इकाई (TVU) वाले इस फाटक पर आरओबी निर्माण के लिए वर्ष 2015-16 में रेलवे और पीडब्ल्यूडी के संयुक्त निरीक्षण के बाद व्यवहारिकता रिपोर्ट तैयार की गई थी। हनुमानगढ़-अबोहर स्टेट हाईवे के जंक्शन के निकट स्थित इस फाटक के लिए चारों दिशाओं में अप्रोच सहित आरओबी को व्यवहारिक मानते हुए प्रारंभिक लागत लगभग 70 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

इसके बाद केंद्रीय सड़क निधि परियोजना के अंतर्गत लगभग 79 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति वर्ष 2018 में भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा राज्य सरकार को भेजे गए प्रारंभिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट (PPR) की विधिवत जांच के पश्चात प्रदान की गई।

डिज़ाइन और डीपीआर तैयार करने के बाद एनआईटी, सूरत से अनुमोदन लिया गया, तत्पश्चात रेलवे से GAD स्वीकृति, सड़क सुरक्षा ऑडिट और विभिन्न तकनीकी समितियों की सिफारिशों के आधार पर ट्रैफिक मूवमेंट प्लान में संशोधन किया गया। संशोधित योजना के अनुसार आरओबी अब दो लेन के बजाय चार लेन चौड़ा किया गया, जिससे यातायात और अधिक सुरक्षित तथा सुगम होगा। इस संशोधित डिज़ाइन को भी रेलवे और सक्षम प्राधिकरणों से स्वीकृति प्राप्त है।

श्री अनिल अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में देरी के प्रमुख कारण अतिक्रमण, यूटिलिटी शिफ्टिंग, विभिन्न विभागीय स्वीकृतियों में समय लगना, कोरोना काल में श्रमिकों का पलायन और संवेदक स्तर पर बाधाएं रही हैं। वर्तमान में परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य प्रगतिशील रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि किसी अन्य स्थान के फ्लाईओवर जैसे बठिंडा से आधिकारिक तुलना कभी नहीं की गई है और जो बयान किसी व्यक्ति या पूर्व अधिकारी द्वारा दिया गया है, वह निजी राय है, जिसे विभागीय अभिलेख या तकनीकी तथ्यों से समर्थन नहीं प्राप्त है।

आरओबी पर यातायात शुरू करने से पूर्व सभी आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय, लोड टेस्टिंग और अंतिम सड़क सुरक्षा ऑडिट कराए जाएंगे। इसके पश्चात ही आम जनता के लिए आवागमन सुचारू किया जाएगा। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अप्रमाणिक खबरों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी लें।

हनुमानगढ़ जिला स्तरीय यातायात प्रबंधन समिति द्वारा स्वीकृत ट्रैफिक मूवमेंट प्लान के अनुसार, हनुमानगढ़ टाउन, हनुमानगढ़ जंक्शन और संगरिया की तरफ जाने वाले वाहन आरओबी के ऊपर से, वहीं जिनको रेलवे पार नहीं करना है, वे आरओबी के नीचे से मार्ग ले सकते हैं। संगरिया और अबोहर के बीच मार्गों के लिए बाईपास और यू-टर्न की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पैदल यात्री, हल्के वाहनों और पशु चालित वाहनों के लिए आरयूबी से दोनो तरफ मार्ग सुनिश्चित किया गया है।

इस प्रकार, सतीपुरा आरओबी न केवल यातायात की सुविधा को बढ़ाएगा बल्कि क्षेत्र की सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में भी सुधार लाएगा। विभाग ने सभी संबंधित विभागों और आम जनता से संयम और धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया है, ताकि परियोजना का सुरक्षित और सफल समापन सुनिश्चित किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story