राजस्थान सरकार के श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार के नोहर आगमन पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जन-प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों द्वारा अभूतपूर्व उत्साह के साथ भव्य अभिनंदन व स्वागत किया गया। जांगिड़ सुथार समाज की ओर से आयोजित इन विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में समाज की एकजुटता और उत्साह का संगम देखने को मिला। जिला शिक्षा अधिकारी मनोज आर्य के निवास पर जल वितरण समिति के अध्यक्ष जुगलाल जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में समाज के शीर्ष पदाधिकारियों ने बोर्ड अध्यक्ष का गर्मजोशी से सम्मान किया। इस गरिमामयी समारोह में श्री सुथार को साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि राजस्थान सरकार प्रत्येक कामगार के कौशल का विकास कर उन्हें स्वावलंबी बनाने हेतु अनेक प्रकार की सहायता और संसाधन उपलब्ध करवा रही है, जिससे समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित निवर्तमान जिला लोकपाल विनोद जांगिड़ ने समाज की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जांगिड़ सुथार समाज एक अत्यंत स्वाभिमानी समाज है, जो अपनी मेहनत और कौशल से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहा है।

स्वागत की इसी कड़ी में कृषि उपज मंडी समिति नोहर के निवर्तमान चेयरमैन बलवीर सुथार के नेतृत्व में रामामी इस पैलेस में एक अन्य भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने श्री सुथार का स्वागत किया। इन आयोजनों के दौरान गोगामेड़ी समाज समिति अध्यक्ष भादरराम सुथार, कृषि उपज मण्डी समिति निवर्तमान अध्यक्ष बलवीर सुथार, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दाताराम जांगिड़, पूर्व पार्षद पवन सुथार, समाज समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश सुथार और पूर्व तहसील अध्यक्ष शिवनारायण सुथार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संजीवनी हॉस्पिटल के राजेश सुथार, डॉ. श्रवण सुथार, युवा प्रकोष्ठ के विनोद सुथार, रामकुमार जांगिड़, दलीप खण्डेलवाल, रामचंद्र जांगिड़, पार्षद भरत सुथार, युवा व्यवसायी सतवीर सुथार एवं रामजीलाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी मनोज आर्य ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। यह संपूर्ण आयोजन न केवल श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष के सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि इसने क्षेत्र में कौशल विकास की नई संभावनाओं और सामाजिक एकजुटता को भी रेखांकित किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story