राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुक्रवार, 9 अक्टूबर को हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से 474 वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम-मदुरई की तीर्थयात्रा पर रवाना हुए। दोपहर 2:20 बजे रवाना हुई पूरी वातानुकूलित विशेष रेलगाड़ी में सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर जिले के 501 यात्री भी सवार हुए। यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य देखभाल के लिए ट्रेन के साथ डॉक्टर एवं नर्सिंग अधिकारी भी रवाना हुए।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गौरव सोनी ने बताया कि हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन सूरतगढ़ के रास्ते रामेश्वरम-मदुरई पहुंचेगी। राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए पूरी ट्रेन वातानुकूलित उपलब्ध करवाई गई है। यात्रियों की देखरेख के लिए एक ट्रेन प्रभारी और प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारियों को अनुदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक डॉक्टर एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी ट्रेन के साथ भेजे गए हैं, जो पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे।

तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। श्रीगंगानगर जिले के यात्रियों को सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर टिकट जारी किए गए। दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए शामियाना, कुर्सी, मेज और पंखों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा शीतल पेयजल, सुबह की चाय-नाश्ता तथा दोपहर का भोजन भी उपलब्ध करवाया गया।

यात्रा पर रवाना होने से पहले देवस्थान विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। टिकट वितरण, यात्रियों की सुविधा और यात्रा संबंधी तैयारियों का प्रबंधन किया गया, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को सफर के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने वालों में देवस्थान विभाग के सहायक लेखाधिकारी श्री अजय धूडिया, श्री रितेश श्रीमाली, श्री लाल चंद छिंपा, श्री खुशाल भारद्वाज, सुश्री आरती एवं श्री पुरुषोत्तम शामिल रहे। वहीं, सूरतगढ़ स्टेशन पर श्रीगंगानगर जिले के यात्रियों को देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ के निरीक्षक श्री सलीम तथा देवस्थान विभाग बीकानेर के श्री महेश कुमार शर्मा, श्री गोपाल आचार्य एवं श्री संदीप ने रवाना किया। इस दौरान देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ एवं बीकानेर के अन्य कार्मिकों ने भी व्यवस्थाएं संभालीं।

बुढ़ापे में साकार हुआ तीर्थयात्रा का सपना

रामेश्वरम-मदुरई की यात्रा पर रवाना हुए नोहर निवासी श्री सुभाष चंद्र भाटिया और श्रीमती प्रेमलता भाटिया ने देवस्थान विभाग की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने राजस्थान सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने बुढ़ापे में उनके तीर्थयात्रा के सपने को पूरा किया। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत रवाना हुए यात्रियों के लिए परिवहन, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्थाओं के साथ इस यात्रा को सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए गए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story