नोहर, 13 नवम्बर।

जन समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है — इसी क्रम में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने गुरुवार को नोहर पंचायत समिति सभागार में उपखंड स्तरीय जन सुनवाई आयोजित की। इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और जनता की बातों को गंभीरता से सुना गया।

इस दौरान कुल 30 परिवाद दर्ज किए गए। भूकरका निवासी मंजू पत्नी नरेश ने जिला कलेक्टर से गुहार लगाई कि उसके पति पर हुए जानलेवा हमले के प्रकरण में पुलिस ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है। मंजू ने बताया कि नोहर थाना क्षेत्र में यह मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। जिला कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

वहीं मिशन सौ बेड के के.एल. मित्रुका ने उप जिला चिकित्सालय में बनकर तैयार ब्लड बैंक को शीघ्र शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने के बावजूद ब्लड बैंक शुरू न होने से आपात स्थिति में मरीजों को कठिनाई झेलनी पड़ती है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को इस संबंध में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जन सुनवाई के दौरान कस्बे और आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों ने अतिक्रमण के मामलों में भी ज्ञापन सौंपे। जिला फुटबॉल संघ के सचिव शशिकांत शर्मा और पार्षद मुकेश मिश्रा ने बिहानी स्टेडियम में संचालित सीबीईओ कार्यालय को स्थानांतरित करने की मांग रखी और उसे बाइट कार्यालय में शिफ्ट करने का सुझाव दिया।

कई किसानों ने सिद्धमुख सिंचाई परियोजना की रासलाना वितरिका नहर में सिल्ट सफाई करवाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि नहरों में सिल्ट जमा होने से टेल क्षेत्र के किसानों तक पर्याप्त सिंचाई जल नहीं पहुंच पा रहा है।

जन सुनवाई में बिजली, पानी, फसल बीमा क्लेम और अतिक्रमण जैसी जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आमजन द्वारा बताई गई समस्याओं का निश्चित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजू पारीक, एसडीएम राहुल श्रीवास्तव, पंचायत समिति प्रधान सोहन ढिल, डीवाईएसपी सुभाष पूनिया, नगर पालिका ईओ बसंत सैनी, विकास अधिकारी पवन सुथार, तहसीलदार बजरंग लाल, कृषि विभाग के सहायक निदेशक रामप्रताप गोदारा, वन विभाग के रेंजर नरेंद्र सिंह भाटी, बीसीएमओ डॉ. प्रदीप कड़वासरा सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story