ननाऊ ग्राम पंचायत को पल्लू समिति में शामिल करने पर भड़का विरोध, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
ननाऊ ग्राम पंचायत को पल्लू पंचायत समिति में शामिल करने के निर्णय के खिलाफ ग्रामीणों ने नोहर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने दूरी, असुविधा और आर्थिक भार का हवाला देते हुए इस फैसले को वापस लेने की मांग की और चेताया कि समाधान नहीं मिलने पर आंदोलन किया जाएगा।

नोहर, 26 नवम्बर। (तिवाड़ी) ग्राम पंचायत ननाऊ को पल्लू पंचायत समिति में शामिल किए जाने के प्रस्ताव ने क्षेत्र में विरोध की लहर पैदा कर दी है। बुधवार को ननाऊ के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में हुए पंचायतों के नये परिसीमन में ननाऊ ग्राम पंचायत को नोहर के स्थान पर पल्लू पंचायत समिति में जोड़ दिया गया है, जिसे वे न्यायसंगत निर्णय नहीं मानते। उनका कहना है कि ननाऊ की नोहर से दूरी मात्र 25 किलोमीटर है, जबकि पल्लू तक पहुंचने में 58 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में पंचायत से जुड़े छोटे या तात्कालिक कार्यों के लिए भी ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी होगी, जिससे समय, धन और ऊर्जा—तीनों का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने इस निर्णय को अव्यावहारिक और जनभावनाओं के विपरीत बताते हुए कहा कि पल्लू समिति में शामिल करने से दैनिक प्रशासनिक कार्यों में भारी असुविधा होगी। प्रतिनिधियों ने चेताया कि यदि समय रहते यह निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो ननाऊ के निवासी विवश होकर आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी से हस्तक्षेप कर ननाऊ ग्राम पंचायत को पूर्ववत नोहर पंचायत समिति में ही रखने की मांग की, ताकि उनके प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से चलते रहें और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
