नोहर। समाज की शैक्षणिक, सामाजिक और बौद्धिक उन्नति को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रगतिशील कुम्हार महासभा संस्था के तत्वावधान में 28 दिसंबर को नोहर में आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष जग्गा सिंह जाखड़ ने की, जिसमें समारोह की रूपरेखा, दायित्वों का निर्धारण और समाज की भावी योजनाओं पर गंभीर मंथन किया गया।

बैठक के दौरान मंच संचालन कर रहे रामकुमार खुडिया ने समाज की प्रगति और उदार दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए महासभा के स्थायी सदस्य बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्था का संचालन तन, मन और धन से होता है, इसलिए समाज के प्रत्येक सदस्य का सहयोग अनिवार्य है। अध्यक्ष जग्गा सिंह जाखड़ ने अपने संबोधन में समाज की एकजुटता को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि आपसी मेल-जोल और संगठनात्मक मजबूती से ही समाज ऊंचाइयों को छू सकता है।

बैठक में डॉ. जयप्रकाश सुथोड़ ने समाज की सामूहिक शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि हर क्षेत्र में एकजुटता की आवश्यकता होती है। उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास का मूल आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज को हर क्षेत्र में मजबूती मिलेगी और उसकी आवाज को प्रभाव मिलेगा। वहीं कोषाध्यक्ष अशोक सुथोड़ ने बताया कि समाज के बच्चों में शिक्षा के प्रति मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से प्रथम प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिससे समाज संगठित होगा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

संस्था के पदाधिकारियों ने समाजबंधुओं से 28 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचने की अपील की। बैठक में समारोह आयोजन प्रभारी के रूप में प्रहलाद को तथा सचिव की जिम्मेदारी सुभाष को सौंपी गई। वहीं निर्णायक मंडल की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य सुनील कुमार नोखवाल और राजेन्द्र कुमार को दी गई। आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यों का स्पष्ट निर्धारण भी किया गया।

अध्यक्ष ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 की बोर्ड परीक्षाओं सहित उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, वर्ष 2021-22 से अब तक राजकीय सेवा में चयनित अभ्यर्थियों, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रतिभाओं की पहचान के लिए गांव-गांव में अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं।

बैठक के दौरान समाज की दीर्घकालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला निर्माण को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। समाजबंधुओं ने प्रस्तावित स्थल का अवलोकन किया और निर्माण कार्य के लिए सहयोग राशि एकत्रित की गई। बैठक का समापन समाज की एकता, शिक्षा और प्रतिभा सम्मान के माध्यम से सशक्त भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story