नोहर, 13 दिसंबर। क्षेत्र के रेल यात्री हनुमानगढ़ और आसपास के गांवों से रोजाना सादुलपुर-हनुमानगढ़ पैसेंजर ट्रेन की अनुकूल समय सारिणी की मांग कर रहे हैं। यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक हनुमानगढ़ के माध्यम से उत्तर-पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन भेजकर गाड़ी संख्या 04777 का समय पूर्ववत करने की अपील की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि गाड़ी संख्या 04777, जो सादुलपुर से हनुमानगढ़ के लिए प्रतिदिन प्रात: 4.20 बजे रवाना होती है, सिद्धमुख, भादरा, गोगामेड़ी, नोहर, ऐलनाबाद, टिब्बी होते हुए प्रात: 8.35 बजे हनुमानगढ़ पहुंचती है। इससे पहले यह ट्रेन सुबह 5.20 बजे सादुलपुर से चलकर 9.20 बजे हनुमानगढ़ जंक्शन पर पहुंचती थी।

यात्रियों का कहना है कि वर्तमान समय सुबह बहुत जल्दी होने के कारण ग्रामीण परिवेश के लोगों के लिए स्टेशन पहुंचना कठिन हो गया है। विशेष रूप से शीतकाल में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि हनुमानगढ़ जिला चिकित्सालय प्रात: 10 बजे खुलता है, जबकि ट्रेन हनुमानगढ़ टाउन सुबह 8 बजे ही पहुंच जाती है। इस कारण मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों को लगभग दो घंटे तक चिकित्सालय के बाहर इंतजार करना पड़ता है।

साथ ही, भादरा और नोहर क्षेत्र के कई लोग जिला मुख्यालय में दुकानों और निजी कार्यालयों में कार्यरत हैं। चूंकि बाजार और कार्यालय प्राय: सुबह 10 बजे खुलते हैं, इसलिए यात्रियों को प्रतिदिन लगभग दो घंटे ट्रेन पहुंचने के बाद इंतजार करना पड़ता है। इसी तरह, सरकारी कर्मचारियों को भी राज्य सरकार के कार्यालयों के प्रात: 9.30 बजे खुलने के कारण एक घंटे से अधिक प्रतीक्षा करनी पड़ती है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान समय में ट्रेन के मार्ग पर अन्य ट्रेनों के क्रॉसिंग के कारण यात्रा समय में लगभग 20 मिनट की अतिरिक्त देरी हो रही है। अत: यात्रियों ने सादुलपुर से प्रात: 5.20 बजे ट्रेन चलाने की मांग की है ताकि यात्रा आसान और सुविधाजनक हो सके। ज्ञापन पर राजकुमार, रमेश कुमार, राजेश, राजू, विनोद, महिपाल, रामनिवास सहित कई यात्रियों के हस्ताक्षर हैं।

रेल प्रशासन की ओर से इस मांग पर उचित कार्रवाई की संभावना और यात्रियों की राहत के लिए समय सारिणी में संशोधन की प्रतीक्षा है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story