नोहर। 3 नवंबर। दीपावली के अवसर पर नोहर नगरपालिका क्षेत्र को राज्य सरकार ने सीवरेज व्यवस्था के रूप में बड़ी सौगात दी है। शहर में सीवरेज नेटवर्क और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए 200 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी मिली है। इसके तहत शुरुआती चरण में 75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। परियोजना के लागू होने से शहरवासियों को बारिश के दौरान जलभराव, सेप्टिक टैंक, शौचालयों की कुइयों और नालियों से जुड़ी समस्याओं से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस महत्वपूर्ण योजना को पूर्व राज्य मंत्री एवं पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मेहरूनिशा टाक के प्रयासों तथा पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया गया है। योजना को स्वीकृति मिलने पर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मेहरूनिशा टाक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा का आभार जताया है।

शहर की भौगोलिक स्थिति और प्राकृतिक जल प्रवाह के कारण सीवरेज नेटवर्क तैयार करना बड़ी तकनीकी चुनौती होगी। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मेहरूनिशा टाक ने बताया कि नोहर शहर का प्राकृतिक बहाव क्षेत्र एक दिशा में नहीं है। शहर में कहीं ऊंचाई तो कहीं ढलान होने के कारण सीवरेज व्यवस्था की योजना तैयार करना चुनौतीपूर्ण रहेगा। इसके लिए विशेषज्ञ तकनीकी टीम और कार्यकारी एजेंसी के सहयोग से ऐसा बेहतर प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था सुचारू हो सके।

पालिका अध्यक्ष हाजन खातुन टाक ने बताया कि सीवरेज एवं ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना लागू होने से बारिश के पानी के भराव, सेप्टिक टैंक, शौचालयों की कुइयों और नालियों सहित कई समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का टेंडर जयपुर की एमएलसी प्राइवेट कंपनी को मिला है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी डीपीआर में शहर की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक जल निकासी के बहाव, सीवरेज नेटवर्क और ट्रीटमेंट प्लांट सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करेगी।

200 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शुरुआती तौर पर 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति नोहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। परियोजना पूरी होने पर शहर की आधारभूत सुविधाओं में बड़ा बदलाव आने के साथ स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story