नोहर 17 सितंबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 22 एनटीआर में “मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत” विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से विकसित भारत की अपनी कल्पना को प्रभावी ढंग से उकेरा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों ने चित्रों के जरिए आधुनिक एवं आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, महिला सशक्तीकरण, कृषि विकास तथा राष्ट्र की प्रगति जैसे विषयों को प्रस्तुत किया। उनके बनाए चित्रों में रंगों और रेखाओं के माध्यम से सपनों के विकसित भारत की सुंदर एवं प्रेरणादायक तस्वीर दिखाई दी।

प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा कोमल सैनी ने प्रथम, कक्षा 11 के छात्र अभिषेक सैनी ने द्वितीय तथा कक्षा 12 की छात्रा चेतना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य श्रीमती लीला बामनिया के मार्गदर्शन एवं चित्रकला प्रभारी व्याख्याता सुरेंद्र सुथार के निर्देशन में हुआ। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि कला विद्यार्थियों के विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। चित्रकला प्रभारी सुरेंद्र सुथार ने विद्यार्थियों को कला के माध्यम से राष्ट्र के विकास और सकारात्मक भविष्य की कल्पना को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में रचनात्मकता, राष्ट्रप्रेम और विकसित भारत के प्रति उनकी सकारात्मक सोच दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रकाश चंद्र, विमला स्वामी, हेमराज, भागीरथ, मुकेश पारीक, सत्यवीर, अख्तर अली, विशाल, रमेश कुमार, रमन शर्मा, नीतू सिंह, शीला, ममता सहित विद्यालय स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story