नोहर पंचायतीराज चुनाव परिणाम: राजनीतिक परिवारों का दबदबा, चार वोटों से हारीं पूर्व प्रधान की भाभी
पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस व भाजपा नेताओं के परिजनों ने दर्ज की जीत, जोन-20 में पूर्व प्रधान सोहन ढिल की भाभी सुनीता चार मतों से पराजित।

नोहर। पंचायतीराज चुनाव 2026 में नोहर क्षेत्र के राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर रही। पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनाव में कई पूर्व जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक पदाधिकारियों और नेताओं के परिवारों से जुड़े प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में उतरकर जीत दर्ज की। किसी नेता की पत्नी ने बड़े मतों के अंतर से विजय हासिल की तो किसी को बेहद करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। खास तौर पर पूर्व प्रधान सोहन ढिल की भाभी की चार मतों से हुई हार चुनाव परिणामों में चर्चा का विषय बनी रही।
पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस नेता हेमराज शर्मा की पत्नी गीता देवी ने वार्ड संख्या 10 से 1738 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड संख्या 21 से भाजपा नेता डॉ. दिलावर बेनीवाल के भाई की पत्नी तारावती 371 मतों से चुनाव जीतने में सफल रहीं।
इसी तरह वार्ड संख्या 25 से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकृष्ण भाकर की पत्नी परमेश्वरी देवी ने 647 मतों से जीत हासिल की। वार्ड संख्या 30 से कांग्रेस नेता विनोद गोदारा की पत्नी संतोष ने 208 मतों के अंतर से विजय दर्ज की। संतोष देवी इससे पहले भी पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं।
जिला परिषद सदस्य के चुनाव में भी राजनीतिक परिवारों के प्रत्याशियों का प्रदर्शन चर्चा में रहा। जोन संख्या 8 से कांग्रेस के पूर्व उपप्रधान रामकुमार स्वामी ने 1489 मतों से जीत हासिल की। जोन संख्या 10 से कांग्रेस नेता दयाराम शीलू की पत्नी सुमित्रा ने 85 मतों के अंतर से चुनाव जीता।
जोन संख्या 21 से कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष धर्मपाल गोदारा की पत्नी निर्मला देवी ने 1289 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, जोन संख्या 20 में मुकाबला बेहद करीबी रहा। यहां कांग्रेस के पूर्व प्रधान सोहन ढिल की भाभी सुनीता ढिल को महज चार मतों से हार का सामना करना पड़ा। किसान नेता सुरेंद्र सिहाग की पुत्री प्रीती ने उन्हें चार वोटों से पराजित किया।
जोन संख्या 19 से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा की पत्नी सरस्वती देवी भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने में सफल रहीं। सरस्वती देवी ने 505 मतों से विजय हासिल की।
इस तरह नोहर क्षेत्र में पंचायत समिति से लेकर जिला परिषद तक राजनीतिक परिवारों की चुनावी भागीदारी और उनके प्रत्याशियों के जीत-हार के परिणाम चर्चा में रहे। कई नेताओं के परिवारों ने चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई तो कुछ को हार का सामना करना पड़ा। पंचायत समिति के प्रधान पद के लिए कांग्रेस की ओर से संतोष देवी गोदारा और गीता शर्मा को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
