नोहर पंचायत समिति में उपप्रधान पद पर कांग्रेस की गीता शर्मा विजयी
गीता शर्मा ने 22 मत पाकर पंकज सिहाग को हराया; संतोष गोदारा पहले ही प्रधान चुनी जा चुकी हैं, जिससे दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है।

नोहर पंचायत समिति में उपप्रधान चुनाव जीतने के बाद माला पहने कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता जीत का जश्न मनाते हुए।
नोहर पंचायत समिति में कांग्रेस ने प्रधान पद के बाद उपप्रधान पद पर भी जीत दर्ज कर दोनों प्रमुख पदों पर अपना कब्जा जमा लिया है। शनिवार, 28 नवंबर को उपप्रधान पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गीता शर्मा ने भाजपा के पंकज सिहाग को 11 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। इस परिणाम के साथ ही पंचायत समिति में कांग्रेस का दबदबा कायम हो गया।
मतगणना में गीता शर्मा को 22 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी पंकज सिहाग के पक्ष में 11 मत पड़े। वहीं, माकपा के नेतराम को 2 मत प्राप्त हुए। मतगणना पूरी होने के बाद गीता शर्मा को उपप्रधान पद पर विजयी घोषित किया गया।
इससे पहले प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की संतोष गोदारा निर्वाचित हुई थीं। अब उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस की जीत के बाद पंचायत समिति के दोनों प्रमुख पद कांग्रेस के खाते में आ गए हैं। इसे नोहर पंचायत समिति में कांग्रेस की मजबूत स्थिति के रूप में देखा जा रहा है।
उपप्रधान पद पर गीता शर्मा की जीत के बाद विधायक अमित चाचाण ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति के दोनों पदों पर कांग्रेस की जीत कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की एकजुटता तथा विश्वास का परिणाम है। विधायक ने नवनिर्वाचित उपप्रधान को शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीण क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की उम्मीद जताई।
गौरतलब है कि प्रधान पद के चुनाव में भाजपा ने अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था और निर्दलीय परमेश्वरी देवी को समर्थन दिया था। हालांकि, उपप्रधान पद के चुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार उतारा और पंकज सिहाग को प्रत्याशी बनाया, लेकिन उन्हें कांग्रेस की गीता शर्मा के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
नवनिर्वाचित उपप्रधान गीता शर्मा नोहर क्षेत्र के मंदरपुरा गांव की निवासी हैं। उनके परिवार का भी क्षेत्र की राजनीति और पंचायत व्यवस्था से जुड़ाव रहा है। हेमराज शर्मा ग्राम पंचायत मंदरपुरा के सरपंच रह चुके हैं। इसके साथ ही वे गत कांग्रेस सरकार में युवा बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे थे।
इस तरह नोहर पंचायत समिति के चुनाव में कांग्रेस ने प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
