नोहर में पंचायत राज चुनाव 2026 के तीसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान करवाने के लिए पोलिंग पार्टियां अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं।

नोहर पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्य के 35 और जिला परिषद सदस्य के 8 पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नोहर विधानसभा क्षेत्र के 35 ब्लॉकों में कुल 113 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव में 2 लाख 15 हजार 696 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। पिछली बार यहां 73.24 प्रतिशत मतदान हुआ था।

इस बार मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां लगातार 5 दिनों तक तैनात रहेंगी। मंगलवार को ब्लॉक और जोन के चुनाव संपन्न होने के बाद 5 नवंबर को सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया पर प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार नजर बनी हुई है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

पंचायत समिति सदस्य के 35 पदों के लिए कांग्रेस ने 32, भारतीय जनता पार्टी ने 31 और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 25 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, जिला परिषद सदस्य के सभी 8 वार्डों में कांग्रेस, भाजपा और माकपा ने 8-8 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच मुकाबले को लेकर क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं।

पंचायत समिति का प्रधान पद अनारक्षित महिला के लिए निर्धारित है। विभिन्न प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की है। मंगलवार को होने वाले मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।

पोलिंग पार्टियों के मतदान केंद्रों पर पहुंचने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। अब मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पंचायत समिति और जिला परिषद के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। मतदान के बाद आने वाले परिणाम से नोहर क्षेत्र की पंचायत राज राजनीति की तस्वीर साफ होगी।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story