नोहर में नगर पालिका चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से हाजन खातून टाक और कांग्रेस की ओर से सुमित चाचाण के मैदान में उतरने की चर्चा है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से नामांकन दाखिल होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को भी नामांकन दाखिल किए जाएंगे। गुरुवार को नामांकन पत्रों की समीक्षा होगी, जबकि शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

20-20 पार्षदों के समर्थन का दावा, क्रॉस वोटिंग पर नजर

नोहर नगर पालिका के 40 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 20 और निर्दलीय के 18 पार्षद विजयी हुए हैं, जबकि भाजपा के खाते में 2 सीटें आई हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख गुटों के बीच जोड़-तोड़ और समर्थन जुटाने की कवायद तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, चाचाण और टाक गुट के बीच मुकाबला बराबरी का बनता दिखाई दे रहा है। दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थक पार्षदों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, बाड़ाबंदी में पार्षदों पर सेंध लगाने के प्रयास किए जाने की भी चर्चा है। दूसरे गुट के पार्षदों से संपर्क साधकर उन्हें अपने पक्ष में करने की कोशिशें होने की बात सामने आ रही है।

सभी पार्षद बाड़ाबंदी में, सेंधमारी की चर्चाओं से बढ़ी हलचल

अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले दोनों गुटों के पार्षदों की बाड़ाबंदी की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, टाक गुट से निवर्तमान पालिका अध्यक्ष खातून टाक और चाचाण गुट से विधायक अमित चाचाण के छोटे भाई सुमित चाचाण अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि चाचाण गुट के कुछ पार्षद पहले सालासर में बाड़ाबंदी में थे, जबकि टाक गुट के पार्षद जयपुर में बताए जा रहे थे। अब दोनों गुट अपने पार्षदों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ संख्या बल मजबूत करने में जुटे हैं।

क्रॉस वोटिंग या अंतिम समय में किसी पार्षद के पाला बदलने की स्थिति में पूरा राजनीतिक समीकरण बदल सकता है। इसी कारण अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले नोहर की राजनीति में बाड़ाबंदी और सेंधमारी की चर्चाओं ने हलचल बढ़ा दी है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story