नोहर नगरपालिका चुनाव में 81.3% मतदान, वार्ड 18 में विवाद और वार्ड 13 में EVM खराब
नोहर नगरपालिका चुनाव में शाम 6 बजे तक 81.3 प्रतिशत मतदान हुआ। महिला और युवा मतदाताओं में उत्साह रहा। वार्ड 18 में विवाद और वार्ड 13 में EVM खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सुचारु कराया गया।

तस्वीर में नोहर नगरपालिका कार्यालय का बाहरी हिस्सा दिखाई दे रहा है, जिसके सामने एक व्यक्ति खड़ा है।
नोहर नगरपालिका चुनाव के तहत बुधवार, 9 सितंबर को 40 वार्डों में मतदान उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक 81.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। विशेष रूप से महिला मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया और कई केंद्रों पर महिलाओं की संख्या पुरुषों के बराबर अथवा उससे अधिक रही।
निर्वाचन विभाग के अनुसार दोपहर 3 बजे तक 69.30 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इससे पहले सुबह 10 बजे तक 27.27 प्रतिशत और दोपहर 1 बजे तक 56.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। चुनाव मैदान में भाजपा, कांग्रेस, अन्य दलों और निर्दलीयों सहित कुल 106 प्रत्याशी हैं। मतदान के लिए 40 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 30 बूथों को संवेदनशील और 10 बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता, मोबाइल पार्टियां और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे रहे। मतदान के दौरान कुछ केंद्रों पर हल्की नोकझोंक की घटनाएं भी सामने आईं।
वार्ड संख्या 31 में मतदाताओं के भारी उत्साह के कारण दोपहर तक ही लगभग एक हजार मत पड़ गए। मतदान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यहां अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था करनी पड़ी। वहीं वार्ड संख्या 13 के एक मतदान केंद्र पर EVM में तकनीकी खराबी आने से मतदान कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। बाद में नई मशीन लगाकर मतदान फिर शुरू कराया गया।
वार्ड संख्या 18 के ऑसवाल स्कूल स्थित बूथ पर सुबह मतदान को लेकर विवाद हो गया। कांग्रेस के जावेद नागरा और भाजपा समर्थित मेहरूनिशा टाक के समर्थक आमने-सामने हो गए। सूचना मिलने पर विधायक अमित चाचाण और पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और माहौल शांत कराया।
इस वार्ड में पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक की सास भाजपा समर्थित उम्मीदवार हाजन खातुन टाक का मुकाबला कांग्रेस के जावेद नागरा से है। इसके अलावा वार्ड नंबर 21 में भी दिनभर तनातनी का माहौल रहा। यहां लगातार छिटपुट घटनाएं होती रहीं और कई मौकों पर दोनों प्रत्याशी आमने-सामने हो गए।
वार्ड नंबर 13 के बूथ नंबर 33, लवकुश स्कूल में EVM में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके चलते मतदान प्रक्रिया कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। निर्वाचन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए EVM बदलकर मतदान प्रक्रिया को सुचारु कराया।
कुल मिलाकर पूरे कस्बे में मतदान शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते किसी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई और सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हुई। विशेष रूप से युवा मतदाताओं में भारी जोश देखा गया। गुंजन पारीक ने पहली बार मतदान किया।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
