नोहर नगरपालिका चुनाव के बाद अब मतगणना की तैयारियां पूरी हो गई हैं। नगरपालिका के 40 वार्डों के लिए मतगणना 14 सितंबर, सोमवार को सुबह 8 बजे राजकीय गौरीशंकर बिहाणी कन्या महाविद्यालय में शुरू होगी। मतगणना के लिए 8 टेबल लगाई गई हैं और 40 वार्डों की ईवीएम की गणना 5 राउंड में पूरी होगी।

मतगणना प्रक्रिया में सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी। इसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना शुरू होगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्ट्रांग रूम को सील कर सशस्त्र सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है। वहीं, मतगणना कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों और समर्थकों की नजरें रुझानों पर रहेंगी। पांच राउंड में सामने आने वाले परिणाम यह तय करेंगे कि नोहर नगर पालिका की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

कस्बे के 40 वार्डों में 106 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 14 सितंबर को होगा। नगरपालिका चुनाव में टाक और चाचाण दोनों गुट अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। अब मतगणना के पांच राउंड के परिणाम से चुनावी दावों की तस्वीर साफ होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story