नोहर नगर पालिका चुनाव परिणाम: कई दिग्गजों को झटका, सुमित चाचाण और मुस्ताक जीते
नोहर पालिका चुनाव में पूर्व अध्यक्षों और दिग्गज नेताओं के परिजनों को हार मिली, वहीं विधायक के भाई सुमित चाचाण और निर्दलीय मुस्ताक ने दर्ज की जीत।

तस्वीर में राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित नोहर नगर पालिका का कार्यालय भवन।
नोहर। 15 सितंबर। नोहर नगर पालिका चुनाव के सोमवार को घोषित परिणामों ने शहर की राजनीति में कई स्थापित चेहरों और राजनीतिक परिवारों को बड़ा झटका दिया। कई नए प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरण बदले, जबकि भाजपा के प्रमुख चेहरों, पूर्व पालिका अध्यक्षों और राजनीतिक परिवारों से जुड़े कई प्रत्याशियों को मतदाताओं ने नकार दिया।
वार्ड नंबर 35 से विधायक अमित चाचाण के भाई सुमित चाचाण कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने में सफल रहे। वहीं वार्ड नंबर 18 से पूर्व राज्य मंत्री मेहरुन्निशा टाक की सास हाजन खातुन टाक ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की। वार्ड नंबर 10 से ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ओम सुथार भी चुनाव जीतने में सफल रहे।
वार्ड 9 से पूर्व पालिका अध्यक्ष नीलम को हार का सामना करना पड़ा। वहीं वार्ड 10 में उनके पति सुरेंद्र भी चुनाव नहीं जीत सके। वार्ड 1 में भाजपा के जिला महामंत्री नन्दलाल वर्मा को हार मिली। वार्ड 16 में पूर्व पालिका अध्यक्ष बाबूलाल सुथार के भतीजे इंद्र सुथार भी जीत दर्ज नहीं कर सके। वार्ड 19 में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष छोटूलाल सेवक को भी मतदाताओं ने शिकस्त दी।
वार्ड 22 और 25 में भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष बसंत तिवाड़ी और शैलेन्द्र वर्मा को भी हार का सामना करना पड़ा। वार्ड 28 का परिणाम भी खासा चर्चा में रहा। यहां पूर्व पालिका अध्यक्ष मोनिका खटोतिया के जेठ लोकेश खटोतिया चुनाव हार गए। इसी क्रम में वार्ड 36 में पूर्व पालिका अध्यक्ष शशि शर्मा की पुत्रवधू दीपिका को भी हार का सामना करना पड़ा।
नोहर नगरपालिका चुनाव परिणाम में वार्ड नंबर 13 से निर्दलीय उम्मीदवार मुस्ताक ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की। खास बात यह रही कि मुस्ताक ने चारों चुनाव अलग-अलग वार्डों से लड़े और हर बार जीत हासिल की। वहीं वार्ड नंबर 29 से भाजपा उम्मीदवार गंगाराम पारीक ने लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की। दोनों नेताओं की लगातार जीत को नगरपालिका चुनाव में उनके मजबूत जनाधार के रूप में देखा जा रहा है।
नोहर नगरपालिका के चुनाव परिणामों में कई वार्डों में पुराने राजनीतिक समीकरण भी बदले। स्थापित राजनीतिक परिवारों, पूर्व पदाधिकारियों और प्रमुख दलों से जुड़े चेहरों को हार मिलने से आने वाले दिनों में नगरपालिका की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।
नगर पालिका चुनाव के परिणाम में सबसे बड़ी जीत वार्ड 40 में निर्दलीय उम्मीदवार प्रियंका ने हासिल की। प्रियंका ने कांग्रेस उम्मीदवार राजबाला को 398 मतों से हराया। वहीं सबसे कम अंतर की जीत वार्ड 6 में रही, जहां कांग्रेस की गोरा देवी 7 मतों से विजयी रहीं। चुनाव परिणामों ने नोहर नगरपालिका में जीत-हार के साथ कई राजनीतिक चेहरों के प्रभाव और स्थानीय समीकरणों को भी सामने ला दिया है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
