नोहर नगर पालिका चुनाव के नतीजों के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर सियासी मुकाबला 21वें वोट पर आकर टिक गया है। 40 पार्षदों वाली नोहर पालिका में चुनाव परिणाम के बाद दोनों खेमे आमने-सामने हैं और दोनों ओर से 20-20 पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। ऐसे में बहुमत के लिए जरूरी 21वां वोट अध्यक्ष पद के चुनाव का सबसे अहम सवाल बन गया है।

अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के सुमित चाचाण और भाजपा की हाजन खातून टाक ने नामांकन दाखिल किया है। सुमित चाचाण वार्ड 35 से निर्वाचित पार्षद हैं और विधायक अमित चाचाण के छोटे भाई हैं। वहीं हाजन खातून टाक वार्ड 18 से निर्दलीय निर्वाचित हुईं और भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। हाजन खातून टाक पूर्व राज्य मंत्री मेहरुन्निशा टाक की सास हैं।

पालिका में कांग्रेस के 20 पार्षद हैं। दूसरी ओर भाजपा के 2 पार्षदों के साथ 18 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा टाक खेमे की ओर से किया जा रहा है। इस तरह कागज पर मुकाबला 20-20 की बराबरी पर दिखाई दे रहा है। हालांकि अध्यक्ष बनने के लिए 21 वोट जरूरी हैं। ऐसे में प्रत्येक पार्षद की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है और एक वोट का रुख बदलने से पूरा गणित बदल सकता है।

अध्यक्ष चुनाव से पहले दोनों खेमों में पार्षदों को एकजुट रखने की कवायद तेज होने की चर्चाएं हैं। राजनीतिक गलियारों में बैठकों, संपर्क और संभावित सेंधमारी को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि अंतिम स्थिति मतदान के समय ही साफ होगी।

एक ओर चाचाण गुट के सुमित चाचाण हैं, तो दूसरी ओर टाक गुट की हाजन खातून टाक। दोनों खेमे अपने-अपने संख्या बल को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। अब सभी की नजर 21 सितंबर पर है, जब निर्वाचित पार्षद अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।

अध्यक्ष पद के लिए मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी। नोहर पालिका में 20-20 के बराबर मुकाबले के बीच अध्यक्ष पद का फैसला बहुमत के लिए जरूरी 21वें वोट से हो सकता है। अगर मतदान में दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलते हैं तो अध्यक्ष पद के लिए लॉटरी डाली जाएगी। ऐसे में 21 सितंबर को होने वाला मतदान नोहर पालिका की अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला करेगा।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story