नोहर, 13 नवम्बर। नगर पालिका द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जारी किए गए आदेश अब केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। शहरी क्षेत्र में भीड़भाड़ और अव्यवस्थित यातायात पर नियंत्रण के उद्देश्य से पालिका ने हाल ही में नगरीय विकास विभाग के निर्देशानुसार कई प्रमुख मार्गों पर भारी व हल्के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश जारी किए थे। परंतु, इन आदेशों का पालन धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रहा है।

नगर पालिका ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रातः 8 बजे से सांय 8 बजे तक हवाई जहाज वाली हवेली से घंटाघर मार्ग (वाया एसबीआई बैंक) तक पिकअप, जीप, टाटा 407, छोटा हाथी जैसे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगाई गई थी। लेकिन आदेशों की यह सख्ती अब सिर्फ औपचारिकता साबित हो रही है। इन मार्गों पर आज भी भारी व हल्के वाहनों की आवाजाही जारी है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नगर पालिका के आदेशों से उन्हें यातायात में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन पालन न होने से मायूसी फैल गई है। प्रतिबंध के बावजूद ट्रक, पिकअप और टाटा 407 जैसे वाहन दिनभर मुख्य बाजारों में बेधड़क घूमते हैं, जिससे जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है। राहगीरों को न केवल वाहनों की भीड़ का सामना करना पड़ता है, बल्कि कई बार पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।

कस्बे के हवाई जहाज वाली हवेली से एसबीआई बैंक मार्ग, गांधी चौक, सिनेमा हॉल मार्ग, पीएनबी बैंक के सामने, बिहाणी चौक, सिंधी बाजार और सोनड़ी बस स्टैंड जैसे इलाकों में आए दिन जाम की स्थिति देखने को मिलती है। कई जगह दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखने से सड़कें और भी संकरी हो गई हैं। ऐसे में वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के बीच कहासुनी की घटनाएं आम हो गई हैं।

जागरूक नागरिकों का कहना है कि केवल आदेश जारी करने से यातायात व्यवस्था सुधरने वाली नहीं है। जब तक प्रशासन सख्त कार्रवाई नहीं करेगा और नियमित निगरानी नहीं रखेगा, तब तक नोहर की सड़कों पर अव्यवस्था और जाम का सिलसिला जारी रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story