नोहर के ललानिया में ज्वैलर्स की दुकान से लाखों के जेवर व नकदी चोरी
चोर करीब 1435 ग्राम चांदी, 8 ग्राम सोना और नकदी ले गए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है और नोहर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हनुमानगढ़ जिले के नोहर क्षेत्र के गांव ललानिया में अज्ञात चोरों ने ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाकर ताला तोड़ दिया और हजारों रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी चोरी कर फरार हो गए। वारदात 16 व 17 नवम्बर की मध्यरात्रि की है। चोरी की पूरी घटना दुकान जिस मकान में स्थित है, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। नोहर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नोहर के वार्ड नंबर 38, नेहरू नगर निवासी 40 वर्षीय जगदीश प्रसाद पुत्र महावीर प्रसाद सोनी की गांव ललानिया में जय श्री गणपति ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। वह इस दुकान पर सोने-चांदी के आभूषण बनाने का काम करता है। जगदीश प्रसाद 16 नवम्बर को दिनभर दुकान पर काम करने के बाद रोजाना की तरह रात को दुकान बंद कर अपने घर चला गया था। इसके बाद 16 व 17 नवम्बर की मध्यरात्रि में अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे आभूषण और नकदी चोरी कर ली।
17 नवम्बर को सुबह करीब 7 बजे गांव ललानिया निवासी रामचंद्र डूडी ने मोबाइल फोन पर जगदीश प्रसाद को सूचना दी कि उसकी दुकान का ताला टूटा हुआ है और रात में चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही जगदीश प्रसाद अपने भाई गोपीराम व दिनेश कुमार के साथ नोहर पुलिस थाने पहुंचा। इसके बाद एएसआई विजेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। मौके पर जांच के दौरान दुकानदार को चोरी हुए सामान की जानकारी मिली।
परिवादी जगदीश प्रसाद ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि चोर दुकान से करीब 1435 ग्राम चांदी के विभिन्न आभूषण चोरी कर ले गए। इनमें करीब 350 ग्राम पुरानी चांदी, 10 जोड़ी चांदी की पायजेब (करीब 400 ग्राम), बच्चों की तीन जोड़ी छोटी पायल (करीब 80 ग्राम), 35 ग्राम का एक चांदी का कड़ा, करीब 150 ग्राम की 40-45 चांदी की अंगूठियां, करीब 150 ग्राम की 40-50 बिछियां, 20 ग्राम का एक छोटा चांदी का कड़ा, शिवजी के डमरू वाला करीब 35 ग्राम का चांदी का कड़ा तथा करीब 40 ग्राम के छोटे चांदी के फूलड़ा-घुंघरा शामिल हैं।
इसके अलावा चोर चार जोड़ी अंगूठा सेट (करीब 90 ग्राम), दो चांदी के सिक्के (करीब 10 ग्राम), करीब 30-35 ग्राम के कानों के टोप्स, दो चांदी की चेन (करीब 30 ग्राम) और तीन चांदी के छत्र (करीब 15 ग्राम) भी ले गए। दुकान से करीब 8 ग्राम सोने के आभूषण भी चोरी हुए हैं। इनमें करीब 6 ग्राम की नोज पिन व कोका तथा करीब 2 ग्राम के चार सुहाग छड़े शामिल हैं। चोर दुकान में रखे 600 से 700 रुपए भी चोरी कर ले गए।
परिवादी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि जिस मकान में उसकी दुकान स्थित है, वहां हनुमान डूडी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की वारदात रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने जगदीश प्रसाद की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई विजेंद्र सिंह को सौंपी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं के आधार पर चोरी की वारदात की जांच कर रही है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
