स्थानीय कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, चक राजासर में मानवता और सेवा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की गई है। भामाशाह पवन कुमार चौमवाल ने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती संतोष देवी की पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालय की छात्राओं के लिए एक सिलाई मशीन भेंट की। इस पुनीत कार्य के अवसर पर उनके पुत्र नवीन कुमार चौमावल, नोडल प्रधानाचार्य आरती कौशिक, सचिव प्रकाश चंद्र कस्वां, हॉस्टल वार्डन अनुराधा एवं समस्त हॉस्टल स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आयोजन के दौरान प्रधानाचार्य आरती कौशिक ने दानदाताओं द्वारा किए गए इस नेक कार्य की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भामाशाहों द्वारा प्रदान किए जा रहे इन महत्वपूर्ण संसाधनों से छात्रावास में निवास कर रही छात्राओं को न केवल बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि वे कौशल विकास की दिशा में भी अग्रसर हो सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि चक राजासर में संचालित इस कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को पूर्णतः नि:शुल्क सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। संस्थान में छात्राओं के रहने, खाने, गणवेश, जूते-चप्पल और स्टेशनरी सहित तमाम आवश्यक वस्तुएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाती हैं। समाज के सहयोग से होने वाले ऐसे दान न केवल शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हैं, बल्कि निर्धन एवं जरूरतमंद छात्राओं के उज्जवल भविष्य की नींव भी रखते हैं।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story