नोहर में टेंट लगाते समय करंट लगने से 22 वर्षीय स्टेट लेवल हॉकी खिलाड़ी राहुल सोनी की मौत
भादरा तहसील के कुंजी घोटड़ा गांव में शादी समारोह के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने और सिर में गंभीर चोट लगने के बाद सिरसा के अस्पताल में उपचार के दौरान निधन।

नोहर। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मेहनत-मजदूरी कर रहे 22 वर्षीय होनहार हॉकी खिलाड़ी राहुल सोनी की एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। गुरुवार रात भादरा तहसील के गांव कुंजी घोटड़ा में शादी समारोह के लिए टेंट लगाने के दौरान वह हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह टेंट से नीचे सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लग गई। सिरसा के हायर सेंटर में उपचार और ऑपरेशन के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, निकटवर्ती गांव सोनड़ी निवासी माणकचंद सोनी का पुत्र राहुल सोनी गुरुवार रात कुंजी घोटड़ा में एक शादी समारोह के लिए टेंट लगाने का काम कर रहा था। देर शाम वह टेंट पर चढ़कर पोल लगा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और वह सीधे सड़क पर जा गिरा। सिर के बल गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद साथी और परिजन उसे तत्काल नोहर के राजकीय उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिरसा के हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने राहुल के सिर का ऑपरेशन भी किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
राहुल सोनी हॉकी का प्रतिभाशाली खिलाड़ी था। वह स्टेट लेवल की प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर कई पुरस्कार जीत चुका था। खेल के मैदान में बेहतर भविष्य बनाने का सपना देखने वाले राहुल के कंधों पर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में सहयोग करने का दायित्व भी था। उसके पिता माणकचंद सोनी खेती-किसानी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए राहुल भी मेहनत-मजदूरी कर पिता का हाथ बंटाता था।
जिस बेटे से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी अचानक हुई मौत से परिजन सदमे में हैं। राहुल की मौत की खबर मिलते ही गांव सोनड़ी में शोक की लहर छा गई। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। एक होनहार खिलाड़ी और परिवार के सहारा बने 22 वर्षीय युवक की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
