नोहर, 3 नवंबर। हनुमान नगर कॉलोनी में सड़क, पार्क और नियमित साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान निवासियों ने अब कॉलोनी को नगर पालिका नोहर के अधीन लेने की मांग उठाई है। इस संबंध में पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र सहारण के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका पहुंचकर अधिशासी अधिकारी गिरिराज रत्नू को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कॉलोनी का शीघ्र हस्तांतरण करवाकर सड़क निर्माण, पार्कों का विकास और नियमित साफ-सफाई सहित आवश्यक विकास कार्य शुरू करवाने की मांग की गई। कॉलोनीवासियों ने बताया कि हनुमान नगर में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की खराब स्थिति, जगह-जगह कीचड़ और नियमित सफाई नहीं होने से आवागमन के साथ स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी बनी हुई हैं।

कॉलोनीवासियों के अनुसार, हनुमान नगर कॉलोनी को नगर पालिका के अधीन हस्तांतरित करने की प्रक्रिया संबंधित कॉलोनाइजर की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं किए जाने के कारण अटकी हुई है। इस देरी का खामियाजा स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से हैंडओवर प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर कर हस्तांतरण जल्द पूरा करवाने की मांग की, ताकि कॉलोनी का योजनाबद्ध विकास हो सके और निवासियों को आवश्यक नागरिक सुविधाएं मिल सकें।

ज्ञापन के दौरान कॉलोनीवासियों ने अपनी समस्याओं से नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को भी अवगत करवाया। इस पर अधिकारियों ने मामले में जल्द उचित कार्रवाई करने और कॉलोनी के हैंडओवर की प्रक्रिया को गति देने का आश्वासन दिया।

कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे हनुमान नगर कॉलोनी में विकास कार्य शुरू हो सकेंगे और लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी झेल रहे निवासियों को राहत मिल सकेगी।

इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र सहारण, कृष्ण सहारण, राजेश नाई, हरीश चंद्र शर्मा, मनीष बलारा, श्रवण कुमार सहू, विजेंद्र शर्मा, लेखराम खाती, पवन कुमार सहू, मनोज कुमार और रवि सहारण सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story