नोहर में निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर में 37 मरीजों की सर्जरी, कुल संख्या 146 पहुंची
संस्थान द्वारा संपूर्ण खर्च उठाने से आर्थिक रूप से कमजोर व ग्रामीण मरीजों को नेत्र उपचार मिल रहा है और 24 दिसंबर को अगला शिविर लगेगा।

नोहर के सिटी आई सेंटर में निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर के दौरान जांच की प्रतीक्षा करते मरीज।
नोहर। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए नेत्र उपचार की राह आसान बनाने के उद्देश्य से स्वर्गीय ओमप्रकाश पांडिया की पुण्य स्मृति में संचालित निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर के तहत गुरुवार को 37 और जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन किए गए। श्री प्रमोद कुमार पांडिया स्मृति संस्थान की ओर से सिटी आई सेंटर एंड हॉस्पिटल में आयोजित इस शिविर में अब तक कुल 146 मरीजों के निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन करवाए जा चुके हैं।
शिविर की विशेष बात यह है कि इसमें चयनित सभी मरीजों के ऑपरेशन का संपूर्ण खर्च संस्थान की ओर से वहन किया जा रहा है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी जरूरतमंद को बेहतर नेत्र उपचार से वंचित न रहना पड़े।
संस्थान के अध्यक्ष सुरेश पांडिया ने कहा कि आर्थिक अभाव अब किसी की आंखों के इलाज में बाधा नहीं बनेगा। संस्थान का निरंतर प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
शिविर के दौरान सिटी आई सेंटर की चिकित्सा टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर ऑपरेशन के लिए पात्र मरीजों का चयन किया। अस्पताल प्रबंधक आनंद सैनी ने स्टाफ के साथ शिविर की व्यवस्थाएं संभालीं। चयनित मरीजों के ऑपरेशन ख्यातनाम नेत्र चिकित्सक डॉ. आकाश दीप गोयल एवं श्रुति गोयल ने किए।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था की ओर से समय-समय पर जरूरतमंद लोगों के लिए जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर नेत्र उपचार उपलब्ध करवाना है। संस्थान की इस पहल से नोहर कस्बे के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों को भी लाभ मिल रहा है।
संस्थान की ओर से आगामी 24 दिसंबर को स्वर्गीय रामा देवी (माता जी) की तीसरी पुण्यतिथि पर पुनः 100 जरूरतमंदों के नेत्र ऑपरेशन के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। निःशुल्क उपचार की यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को नेत्र चिकित्सा उपलब्ध करवाने के साथ उनकी आंखों की रोशनी लौटाने की दिशा में निरंतर जारी है।

Narendra Tiwari, Hanumangarh
नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।
