राजस्थान के नोहर में दीपावली पर्व से पहले बाजार की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और व्यापारियों के बीच बैठक हुई। उपखंड अधिकारी सुनीता यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। व्यापारियों ने बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ के बीच आमजन और दुकानदारों को होने वाली संभावित परेशानियों को दूर करने की मांग उठाई।

बैठक में संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने कहा कि दीपावली के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, नियमित साफ-सफाई करवाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की आवश्यकता है, ताकि आमजन और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने नोहर में कथित अवैध नशे के कारोबार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे के बढ़ते प्रचलन से आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका है। व्यापारियों ने अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने और असामाजिक व आपराधिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

इसके अलावा, हाल ही में मोटरसाइकिल को साइड देने के विवाद में एक दुकानदार के साथ कथित मारपीट की घटना का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। व्यापारियों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और बाजार में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाने और व्यापारियों को बिना भय के कारोबार करने के लिए अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उपखंड अधिकारी सुनीता यादव ने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने दीपावली के दौरान बाजार की व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा व्यापारियों की ओर से उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

बैठक में संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष संजय मोदी, महामंत्री राजकुमार कंदोई, मंत्री ओमप्रकाश लालवानी, अमित हिसारिया, बसंत तिवाड़ी, इंद्र अग्रवाल, अनिल कड़वासरा, मोहनलाल डाबी, प्रयाग चंद, मुकेश बंसल, सांवरमल हिसारिया, किशन चाचाण, पवन कंदोई, त्रिलोक बंसल, दिनेश मोदी, रफीक चौहान, राजेश कुमार, चम्पालाल रानीयांवाले, राजपाल बिजारणियां, भेराराम सहारण एवं मांगीलाल बजाज सहित अन्य व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Narendra Tiwari, Hanumangarh

Narendra Tiwari, Hanumangarh

नरेंद्र तिवारी, हनुमानगढ़ से, प्रात:काल न्यूज के अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों की विश्वसनीय कवरेज के लिए जाने जाते हैं। नरेंद्र का लेखन स्पष्ट, तथ्यपूर्ण और पाठकों के लिए सीधे जानकारी पहुँचाने वाला है। उनकी रिपोर्टिंग में समाज की घटनाओं, राजनीति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन दृष्टिकोण देखने को मिलता है। लगातार खबरों की सटीक और निष्पक्ष प्रस्तुति के कारण वे पाठकों के बीच विश्वास और सम्मान अर्जित कर चुके हैं।

Next Story